Spread the love

आरोप – जिला परिषद, बीडीसी और स्थानीय निकायों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव टालकर कर हॉर्स ट्रेडिंग की कोशिश कर रही सरकार 

जयराम बोले – 70 फीसदी पंचायतों में भाजपा समर्थित प्रधान-उपप्रधान, नगर निकायों और जिला परिषद में भी भाजपा का दबदबा, कांग्रेस की करारी हार से मची खलबली 

जनादेश का अपमान करने वाले अधिकारियों की बनेगी सूची, कोर्ट से लेकर सड़क तक लड़ेगी भाजपा : जयराम ठाकुर 

शिमला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर लोकतंत्र को कुचलने, जनादेश का अपमान करने तथा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों के परिणामों को प्रभावित करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस सरकार पहले हर हाल में इन चुनावों को टालना चाहती थी, लेकिन हाईकोर्ट और अंततः सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद चुनाव करवाने पड़े। इसके बावजूद सरकार अब अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव जानबूझकर लटका रही है ताकि हॉर्स ट्रेडिंग और जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाने का समय मिल सके। 

जयराम ठाकुर ने शनिवार को यहां पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस सरकार को पहले से अंदेशा था कि जनता उसके खिलाफ मतदान करेगी। यही कारण था कि कभी डिजास्टर एक्ट का सहारा लिया गया, कभी नियमों में बदलाव किए गए और कभी चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद चुनाव तो हुए, लेकिन अब सरकार जनादेश को स्वीकार करने के बजाय लोकतांत्रिक प्रक्रिया को रोकने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में लगभग 70 प्रतिशत पंचायतों में भाजपा समर्थित प्रधान और उपप्रधान विजयी हुए, जो स्पष्ट संकेत है कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों में भी भाजपा को व्यापक जनसमर्थन मिला। धर्मशाला नगर निगम में भाजपा ने 17 में से 11 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया, जबकि अन्य नगर निकायों में भी भाजपा का प्रदर्शन कांग्रेस से बेहतर रहा। 

जयराम ठाकुर ने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि 12 जिला परिषदों में से केवल 3 में ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव कराए गए हैं और तीनों स्थानों पर कांग्रेस अपना उम्मीदवार तक खड़ा नहीं कर सकी। उन्होंने दावा किया कि शेष अधिकांश जिला परिषदों में भी भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत है, लेकिन सरकार जानबूझकर चुनाव नहीं करा रही है। उन्होंने कहा कि 92 ब्लॉक समितियों में से केवल 47 में चुनाव कराए गए, जिनमें 31 स्थानों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजयी हुए, जबकि कांग्रेस केवल 16 स्थानों पर जीत सकी। उन्होंने कहा कि नगर परिषदों और नगर पंचायतों में भी सरकार केवल वहीं चुनाव करा रही है जहां कांग्रेस की स्थिति मजबूत है, जबकि भाजपा बहुमत वाले निकायों में चुनाव तिथियां घोषित नहीं की जा रही हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित पार्षदों, बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों को डराने-धमकाने के लिए उनके विरुद्ध विजिलेंस और अन्य मामलों में झूठे केस दर्ज किए जा रहे हैं। कई स्थानों पर उनके परिजनों के तबादले किए जा रहे हैं तथा प्रशासनिक दबाव बनाकर जनप्रतिनिधियों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सुजानपुर नगर परिषद का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि वहां गुप्त मतदान की निर्धारित प्रक्रिया का पालन तक नहीं किया गया। 

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार कर रही है जो सरकार के दबाव में आकर चुनाव की तिथियां घोषित नहीं कर रहे हैं अथवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का कार्य कर रहे हैं। साथ ही उन अधिकारियों की भी सूची बनाई जा रही है जो भाजपा समर्थित निर्वाचित प्रतिनिधियों के विरुद्ध राजनीतिक दबाव में कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार लोकतंत्र की सभी सीमाएं लांघ चुकी है। जनता का स्पष्ट जनादेश भाजपा के पक्ष में आने के बावजूद सरकार सत्ता के दुरुपयोग के माध्यम से उसे पलटने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से जनादेश का सम्मान करने की अपील करते हुए कहा कि जनता ने पंचायतों और नगर निकायों के माध्यम से साफ संदेश दे दिया है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के प्रति विश्वास समाप्त हो चुका है। 

जयराम ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव की तिथियां घोषित नहीं कीं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप बंद नहीं किया, तो भारतीय जनता पार्टी न्यायालय से लेकर सड़कों तक लोकतांत्रिक संघर्ष को और तेज करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत और नगर निकाय चुनावों का जनादेश आगामी विधानसभा चुनावों की दिशा भी तय कर चुका है और प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। 

अगर किन्नौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष भाजपा की बी टीम है तो चिंता कांग्रेस को होनी चाहिए : जयराम ठाकुर 

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष निगम भंडारी को लेकर बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने टिप्पणी की है। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जब जयराम ठाकुर से राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के उस बयान पर सवाल किया गया, जिसमें उन्होंने निगम भंडारी को भाजपा की “बी टीम” बताया था, तो जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि इससे भाजपा को नहीं, बल्कि कांग्रेस को ही चिंता करनी चाहिए। जयराम ठाकुर ने कहा कि अगर जगत सिंह नेगी ने ऐसा कहा है तो हमें कोई एतराज नहीं है। अगर कांग्रेस पार्टी का जिला अध्यक्ष भाजपा का आदमी है या भाजपा की बी टीम है, तो परेशानी बीजेपी को नहीं, कांग्रेस की होगी। उन्होंने कहा कि किन्नौर में कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति इस हद तक बिगड़ चुकी है कि एक कैबिनेट मंत्री होने के बावजूद जगत सिंह नेगी अपनी पसंद का जिला अध्यक्ष तक नहीं बनवा सके। इससे साफ है कि संगठन में उनकी बात नहीं सुनी जा रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि किसी मंत्री की अपने ही जिले में नहीं चल रही है और संगठन में उसकी बात का कोई महत्व नहीं है, तो नैतिकता के आधार पर उन्हें अपने पद पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार में भी उनकी बात ज्यादा नहीं सुनी जाती। उन्होंने कहा कि अब जगत सिंह नेगी को भी यह एहसास होने लगा है कि उनकी ही पार्टी में उनके साथ क्या हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर अंदरूनी खींचतान बढ़ती जा रही है और इसका असर संगठनात्मक नियुक्तियों में साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी अब सार्वजनिक हो चुकी है और मंत्री स्वयं अपनी पार्टी के फैसलों पर सवाल उठा रहे हैं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *