Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर नेताओं ने आधुनिक हिमाचल प्रदेश के निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें एक दूरदर्शी और जनप्रिय नेता बताया। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह का हिमाचल प्रदेश के विकास में अतुलनीय योगदान रहा है, जिसे प्रदेश की जनता हमेशा याद रखेगी। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह एक ऐसे युगपुरुष थे, जिन्होंने लोगों के दिलों पर राज किया। अपने लगभग 65 वर्षों के लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में देश व प्रदेश की सेवा की तथा अपनी सरलता और सौहार्दपूर्ण व्यवहार से लोगों का सम्मान अर्जित किया।

शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि वीरभद्र सिंह हमेशा आम लोगों के दुख-दर्द के प्रति संवेदनशील रहते थे। उनके पास अपनी समस्या लेकर आने वाला कोई भी व्यक्ति निराश होकर वापस नहीं लौटता था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता वीरभद्र सिंह के योगदान और उनके व्यक्तित्व को कभी नहीं भुला सकती।

इस अवसर पर संगठन महामंत्री विनोद जिंटा, उपमहापौर उमा कौशल, महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर, शिमला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता यशपाल तनाइक, सोनिया चौहान, रवि शर्मा, जीवन कुमार, विनीत गौतम, आनंद कौशल, नगर निगम के पार्षदगण, पूर्व महापौर जैनी प्रेम, हरजीत कुमार मंगा, मलकीत सिंह, नरेंद्र कंवर, बी.एस. चौहान, जीत राम पंवर, हेमराज शर्मा, मीना विज, कृष्णा कुमारी तथा विभिन्न अग्रणी संगठनों एवं विभागों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी वीरभद्र सिंह के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *