रिकांगपिओ। जनजातीय जिला किन्नौर के नव निर्वाचित ग्राम पंचायत प्रधानों और उपप्रधानों को सोमवार को यहां बचत भवन में राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने शपथ दिलाई तथा निर्वाचित होने पर बधाई दी।
राजस्व मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधान एवं उपप्रधान पंचायती राज संस्थाओं के अहम अंग हैं। उन्होंने कहा कि प्रधान और उप प्रधान ग्राम स्वराज्य के तहत ग्रामीण लोकतंत्र एवं ग्रामीण विकास को सुदृढ करने के लिए व पारदर्शिता से कार्य करें तथा अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन करें।
राजस्व मत्रीं ने पूर्व पंचायत समीति अध्यक्ष पूह के अनुभव को भी सांझा किया। उन्होंने कहा कि 73वें संशोधन अधिनियम-1993 के तहत पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने ग्राम स्वराज्य प्रणाली को सशक्त बनाया तथा पंचायत जन प्रतिनिधियों को शक्तिया प्रदान करके विकेन्द्रीकरण को मजबूत बना कर ग्रामीण लोकतंत्र को सामाजिक-आर्थिक विकास का मॉडल बनाया है। इससे ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीण अधोसंरचना व विकास को संबल मिला है तथा ग्राम स्वराज्य की सकारात्मक सोच धरातल पर उतरी है।
राजस्व मंत्री ने कहा कि 73वें संशोधन अधिनियम-1993 से अनुसूचित जाति-जनजाति और महिलाओं को आरक्षण मिला है, जिससे समावेशी एवं समग्र विकास सुनिश्चित हुआ है।
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने नव निर्वाचित प्रतिनिधियों के स्वागत संबोधन में कहा कि किन्नौर जिला प्रशासन नव निर्वाचित प्रतिनिधियों के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, कार्यकारी जिला दण्डाधिकारी पूह घनश्याम दास शर्मा किनेफैड के अध्यक्ष चन्द्र गोपाल नेगी, पूर्व जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य केसर नेगी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कल्पा के अध्यक्ष प्रीतम नेगी, पूह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी केे सचिव अधिवक्ता निर्मल चन्द्र नेगी, पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, प्रशांत नेगी, जिला पंचायत अधिकारी संजय तोमर, खण्ड विकास अधिकारी पूह इन्द्र नेगी, खण्ड विकास अधिकारी कल्पा हिमांशी शर्मा उपस्थित रहे।
