Spread the love

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का एक प्रभावी माध्यम है। युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान की जा सकती है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लें तथा समाज में नशा मुक्त वातावरण के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। 

शिक्षा मंत्री रविवार को जुब्बल के मलोग (नंदपुर) में नवयुवक मंडल मलोग द्वारा आयोजित स्वर्गीय राय सिंह रांटा मेमोरियल द्वितीय पंचायत स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए बोल रहे थे। इस प्रतियोगिता में 40 टीमें भाग ले रही हैं। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को अनुशासन, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का पाठ पढ़ाती हैं तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

खेल विद्यालय जुब्बल के लिए 32 पद स्वीकृत  

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल अवसंरचना के विकास तथा युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ठाकुर रामलाल राजकीय बालिका खेल विद्यालय, जुब्बल की शुरुआत की गई है, जिसमें वॉलीबॉल सहित सात अन्य खेलों को भी शामिल किया गया है। प्रदेश सरकार की पिछली मंत्रिमंडल बैठक में खेल विद्यालय के लिए 32 पदों को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कुल 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल हैं, जिनमें जुब्बल का हॉस्टल सबसे बड़ा है। खेलों को बढ़ावा मिलने से प्रदेश तथा क्षेत्र की बेटियां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कर रही हैं, जो हम सभी के लिए हर्ष का विषय है।

केवी कोटखाई के लिए 30 करोड़ रुपये स्वीकृत 

शिक्षा मंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च स्तर की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि केवी कोटखाई के निर्माण कार्य के लिए 30 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इसके अतिरिक्त सरस्वती नगर में बी.पी.एड. द्विवर्षीय पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार द्वारा सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर प्रस्ताव एनसीटीई को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विद्यालय भवनों को सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

विधानसभा क्षेत्र में 176 सड़कें पास 

शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में लगभग 176 सड़कें पास की गई हैं, जिनमें से पांच सड़कें नंदपुर पंचायत की भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में केवल पांच सड़कें ही पास हुई थीं। उन्होंने कहा कि सेब उत्पादन में नंदपुर पंचायत का महत्वपूर्ण योगदान है। इसी दृष्टि से यहां सड़कों की आवश्यकता भी अधिक रहती है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सड़कों के निर्माण के लिए हरसंभव प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मलोग-पनेसरी सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत शामिल किया गया है, जिसकी शीघ्र स्वीकृति मिलने की संभावना है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि बरथाटा-गढ़ावग सड़क के लिए 5 करोड़ 66 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है तथा इसका टेंडर भी अवार्ड किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 एवं 2025 में भारी बारिश से आई आपदा के कारण सड़कों को काफी नुकसान हुआ था। नंदपुर पंचायत में 7 करोड़ 26 लाख रुपये के मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य किए जा रहे हैं।

जिम निर्माण के लिए मिलेंगे 3 लाख रुपये 

शिक्षा मंत्री ने कहा कि युवक मंडल क्षेत्र में खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं, जो एक सराहनीय पहल है। उन्होंने जिम निर्माण के लिए 3 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। साथ ही युवक मंडल मलोग को खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन के लिए 50 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।

टिक्करी अमन मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट का किया समापन 

इसके उपरांत शिक्षा मंत्री पुजारली नंबर-4 में नवयुवक मंडल टिक्करी द्वारा आयोजित अमन मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि टिक्कर तहसील में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लगभग 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। इनमें भवन निर्माण कार्यों पर लगभग 22 करोड़ रुपये, नाबार्ड के अंतर्गत 24 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-4 के तहत 49 करोड़ रुपये तथा वार्षिक अनुरक्षण योजना के अंतर्गत 5 करोड़ रुपये के कार्य शामिल हैं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि हमारा विधानसभा क्षेत्र सेब बहुल क्षेत्र है और इस दृष्टि से यहां सड़कों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में हर क्षेत्र तक सड़क सुविधा पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगभग 80 करोड़ रुपए की राशि सिर्फ सड़कों पर व्यय की जा रही है । कोटी-जगतेरली सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत हुई है, जिस पर 11 करोड़ 66 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी तथा इस सड़क की लंबाई लगभग 10 किलोमीटर है। मेहंदली सीआओ कैंची सड़क का निर्माण कार्य लगभग 75 प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है । जिस पर लगभग 11 करोड़ 30लाख रुपए की राशि व्यय की जा रही है ।

रोहित ठाकुर ने कहा कि इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुजारली-4 के भवन का निर्माण 4 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण भी किया‌ 

शिक्षा मंत्री ने नवयुवक मंडल टिक्करी को 50 हजार रुपये देने की भी घोषणा की। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने स्कूल के उत्कृष्ट छात्रों को सम्मानित भी किया। प्रतियोगिता में कुल 25 टीमों ने भाग लिया, जिसमें पुजारली 4 की टीम विजेता रही। 

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य नेहा मेहता, निदेशक हिमफैड भीम सिंह झौटा, उपमंडलाधिकारी रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा, डीएसपी प्रणव चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा, विकास खंड जुब्बल के अध्यक्ष कमलेश झगटा, पंचायत समिति अध्यक्ष रोहड़ू ज्ञानपति, पंचायत समिति सदस्य भूपेंद्र शर्मा, प्रधान नीतीश ख़िमटा, उपप्रधान पवन सिंह राठौर, सनी नैंटा, युवक मंडल अध्यक्ष अंकित नैंटा सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *