Spread the love

सलवाना स्कूल में 30 लाख रुपये से निर्मित तीन अतिरिक्त कमरों का किया लोकार्पण 

शाहपुर। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ततवानी क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा एवं संरक्षण कार्यों पर लगभग 5 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। उन्होंने यह जानकारी आज राजकीय प्राथमिक विद्यालय सलवाना में 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित तीन अतिरिक्त कमरों के लोकार्पण अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए दी। इस अवसर पर कप्तान सिंह गुलेरिया एवं उनकी पत्नी रीना गुलेरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।

विधायक ने बताया कि लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जा रही रैत-कोहला सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है तथा शीघ्र ही सड़क की टायरिंग का कार्य आरंभ किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में शीघ्र ही 2.50 लाख रुपये की लागत से रिटेनिंग वॉल का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त ततवानी के समीप एक इको पार्क विकसित करने की योजना भी प्रस्तावित है। उन्होंने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की मांग पर सलवाना और खबल गांवों में रास्तों के निर्माण का आश्वासन भी दिया। 

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ततवानी क्षेत्र में बाढ़ से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर रिटेनिंग वॉल और फ्लड प्रोटेक्शन कार्य करवाए जाएंगे, जिन पर लगभग 5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

कार्यक्रम में उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय समयाल ने विद्यालय में अतिरिक्त कमरों के निर्माण एवं लोकार्पण के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इन कमरों के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कप्तान सिंह गुलेरिया का भी धन्यवाद किया। 

गौरतलब है कि विद्यालय के लिए निर्मित इन तीन कमरों का निर्माण कप्तान सिंह गुलेरिया द्वारा करवाया गया है। इस अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने कप्तान सिंह गुलेरिया एवं उनकी पत्नी रीना गुलेरिया को चंबा थाल भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में कप्तान सिंह गुलेरिया ने कहा कि उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की है और अपने स्कूल के विकास में योगदान देना उनके लिए सौभाग्य एवं गर्व का विषय है।

ग्राम पंचायत प्रधान अजय कुमार ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए पंचायत में पधारने पर उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, ओएसडी आयुष विभाग डॉ. सुनीत पठानिया, जीएम इंडस्ट्री ओम राज, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग नीरज जसवाल, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग अमित शर्मा, बीडीओ रैत कमलजीत, प्रधानाचार्य बड़न्ज कुलवीर,पीटीएफ प्रधान दलजीत पठानिया, राकेश कुमार,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र ठाकुर, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, पेंशन सेल प्रधान प्रदीप बलौरिया, पंचम मन्हास, आशुतोष शर्मा, अजय चौधरी, रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, विद्यालय स्टाफ तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *