Spread the love

सत्ता बचाने के लिए संवैधानिक मर्यादाएं तोड़ रही सुक्खू सरकार – जम्वाल

मंडी। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जम्वाल ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा है कि लोकतंत्र, विकास और पारदर्शिता को बचाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज चुनावों से ही प्रदेश में कांग्रेस सरकार को बाहर का रास्ता दिखाने की शुरुआत होगी।

राकेश जम्वाल ने कहा कि यदि जनता भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को मजबूत जनादेश देती है तो यह स्पष्ट संदेश जाएगा कि हिमाचल प्रदेश की जनता झूठ, भ्रष्टाचार और तानाशाही राजनीति को स्वीकार करने वाली नहीं है। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार को अब यह एहसास हो चुका है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के झूठे वादों, धोखे और तानाशाही रवैये से पूरी तरह ऊब चुकी है। यही कारण है कि सरकार प्रशासनिक मशीनरी पर दबाव बनाकर चुनावों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।

जम्वाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल के पहले दिन से ही जनता को केवल झूठी गारंटियों और खोखले वादों से भ्रमित करने का काम किया है। चुनावों से पहले बड़ी-बड़ी घोषणाएं करने वाली सरकार आज हर वर्ग के साथ विश्वासघात कर चुकी है। महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने की गारंटी, युवाओं को रोजगार देने के वादे तथा कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।

राकेश जम्वाल ने कहा कि चुनाव आते ही सरकार फिर से लोकलुभावन घोषणाओं का सहारा लेकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, जबकि धरातल पर आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने पूर्व भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जानबूझकर बंद कर दिया। विकास कार्यों को रोकना, संस्थानों को बंद करना, टैक्सों और टोल टैक्स में लगातार बढ़ोतरी करना तथा बिजली-पानी सहित विभिन्न सेवाओं का आर्थिक बोझ जनता पर डालना कांग्रेस सरकार की पहचान बन चुकी है।

भाजपा नेता ने कहा कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद सरकार द्वारा कैबिनेट बैठकों में ऐसे फैसले लिए जा रहे हैं जिनका सीधा असर मतदाताओं पर पड़ता है। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस सरकार लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर चुनावी लाभ लेने का प्रयास कर रही है।

राकेश जम्वाल ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करवाने के लिए प्रशासनिक दबाव बनाए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर लोगों को प्रभावित करने और डराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला परिषदों और नगर निकायों में चेयरमैन एवं वाइस चेयरमैन बनाने की प्रक्रिया को भी प्रभावित करने की योजनाएं बनाई जा रही हैं ताकि जनता के जनादेश को कमजोर किया जा सके। भाजपा इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला मानती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार यह समझ चुकी है कि प्रदेश की जनता अब उसके झूठ और तुगलकी फरमानों से परेशान हो चुकी है, इसलिए वह चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर किसी भी तरह सत्ता का संतुलन अपने पक्ष में बनाए रखना चाहती है। लेकिन भाजपा कार्यकर्ता और प्रदेश की जागरूक जनता ऐसे किसी भी षड्यंत्र को सफल नहीं होने देगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *