शिमला। प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष, विधायक एवं पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि प्रदेश में चल रहे स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान पार्टी के कुछ पदाधिकारियों और नेताओं द्वारा मीडिया में एक-दूसरे के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने इस प्रवृत्ति को पार्टी हितों के खिलाफ बताते हुए कहा कि ऐसे बयान संगठनात्मक अनुशासन को कमजोर करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम और असमंजस की स्थिति पैदा कर रहे हैं।
राठौर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक अनुशासित और विचारधारा आधारित संगठन है, जहां हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी की अपनी जिम्मेदारी और मर्यादा होती है। उन्होंने कहा कि चुनाव जैसे महत्वपूर्ण समय में नेताओं और कार्यकर्ताओं को संयमित भाषा और जिम्मेदार व्यवहार का परिचय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया में आपसी मतभेदों को सार्वजनिक करने से पार्टी की छवि प्रभावित होती है और इसका सीधा लाभ राजनीतिक विरोधियों को मिलता है।
कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि पार्टी मामलों की हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल भी ऐसी घटनाओं को गंभीरता से ले रही हैं और संगठन स्तर पर इनकी लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी नेतृत्व किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता को हल्के में नहीं लेगा। कांग्रेस नेतृत्व की प्राथमिकता संगठन को मजबूत बनाए रखना और चुनावों में पार्टी की एकजुटता सुनिश्चित करना है।
राठौर ने सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को संगठन, टिकट वितरण, चुनाव संचालन या किसी अन्य विषय को लेकर कोई शिकायत या असंतोष है, तो उसे मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक करने के बजाय प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) या प्रदेश अनुशासन समिति के समक्ष रखा जाए। पार्टी के भीतर संवाद और शिकायत निवारण के लिए उचित मंच मौजूद हैं और हर कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।
कुलदीप राठौर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन उन्हें सार्वजनिक विवाद का रूप देना उचित नहीं है। कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और सामूहिक नेतृत्व की भावना में विश्वास करती रही है। इसलिए आवश्यक है कि सभी नेता और कार्यकर्ता संगठन की गरिमा बनाए रखें तथा चुनाव के दौरान पार्टी प्रत्याशियों और अधिकृत उम्मीदवारों के पक्ष में सकारात्मक वातावरण तैयार करने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और इन चुनावों में कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ मैदान में है। ऐसे समय में पार्टी के भीतर एकता और अनुशासन सबसे अधिक आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक हितों को प्राथमिकता दें।
कुलदीप सिंह राठौर ने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश अनुशासन समिति सभी शिकायतों और मामलों की विस्तार से समीक्षा करेगी। यदि किसी नेता या पदाधिकारी द्वारा पार्टी विरोधी गतिविधियों अथवा अनुशासनहीनता का मामला सामने आता है, तो संगठन के नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं से अपेक्षा करती है कि वे जिम्मेदारी और अनुशासन का परिचय दें तथा ऐसा कोई भी बयान या गतिविधि न करें, जिससे पार्टी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचे या अनुशासनात्मक कार्रवाई की स्थिति उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व सभी से संयम, एकजुटता और संगठनात्मक मर्यादा बनाए रखने की अपील करता है।
