शिमला। प्रदेश के शिक्षा मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उनके पीएसओ भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। इसका खुलासा शिक्षा मंत्री ने खुद सोशल मीडिया में किया है।
शिक्षा मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा कि “गत दिनों किसी कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के सम्पर्क में आने के कारण मैंने अपने स्टाफ सहित आज सुबह अपना रेपिड एंटीजन कोरोना टेस्ट करवाया था, जिसमें मेरी तथा मेरे निजी सुरक्षा अधिकारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरा स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है तथा मैं चिकित्सकों के परामर्शानुसार अपने घर में आईसोलेट हुआ हूँ।”
ठाकुर ने आगे लिखा कि “पिछले कल मेरे सम्पर्क में आए सभी लोगों से मेरा निवेदन है कि वह अपने स्वास्थ्य की जांच कर अपनेआप को आईसोलेट कर लें।”
बता दें कि वे पिछले कुछ दिनों से कुल्लू में अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में थे और इसके बाद मंगलवार को कैबिनेट बैठक में भी हिस्सा लिया था। बुधवार को शिक्षा से जुड़े तीन चैनल को भी उन्होंने लांच किया था। ऐसे में उनके संपर्क में आने वालों की ट्रेसिंग शुरू हो गई है।
