Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों को अपनाते हुए सामाजिक एकता और देश की अखंडता के लिये कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यही बाबा साहब को उनके जन्मदिन पर सबकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें याद करते हुए विनय कुमार ने कहा कि बाबा साहब ने संविधान में बगैर किसी भेदभाव के समान अधिकार दिए। उनका सपना था कि अंतिम छोर पर बैठे उस नागरिक को भी वही अधिकार मिलना चाहिए, जो पहली पंक्ति में सबसे आगे बैठा है। उन्होंने कहा कि हमें बाबा साहब से प्रेरणा लेते हुए संविधान की रक्षा के लिये आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि देश व समाज में उनके उल्लेखनीय योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने इस दौरान कहा कि बाबा साहब कड़े संघर्ष से आगे बढे।उन्होंने पिछड़े, दलितों व कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए जो कार्य किये, उससे हमारा देश समृद्ध बना। उन्होंने कहा कि संविधान में बाबा साहब ने सभी के समान अधिकारों की रक्षा की और देश को एक सूत्र में पिरोया।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भी बाबा साहब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा साहब का संघर्ष, उनका परिश्रम सदैब हमें आगे बढ़ने को प्रेरित करता रहेगा।

इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री गंगूराम मुसाफिर, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, प्रदेश महासचिव यशपाल तनाईक, उप महापौर उमा कौशल, शिमला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, विनीत गौतम, शिमला नगर निगम के पार्षदगण सहित पार्टी के कई अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के छाया चित्र पर पुष्प अर्पित किए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *