Spread the love

कहा – कांग्रेस सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में हिमाचल को विकास की राह से भटका दिया 

मंडी। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। अगले 18 महीनों में कांग्रेस सरकार का जाना तय है और भाजपा जनसमर्थन के साथ प्रदेश में नई सरकार बनाएगी।

तरुण चुग ने यहां प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी का तथाकथित “ठका-ठक मॉडल” हिमाचल में पूरी तरह फेल हो चुका है। चुनावों के दौरान किए गए बड़े-बड़े वादे आज केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं, जबकि जमीनी स्तर पर जनता को राहत नहीं, बल्कि बोझ मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में हिमाचल को विकास की राह से भटका दिया है। 

चुग ने कहा कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी है और सरकार लगातार कर्ज पर कर्ज लेकर व्यवस्था चला रही है। विकास कार्य ठप हैं, योजनाएं अधूरी हैं और सरकार के पास कर्मचारियों के वेतन-पेंशन तक के लिए संसाधनों की कमी दिखाई दे रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें भाजपा को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए जन-जन तक सरकार की विफलताओं को पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हम कमर कस लें और इस जनविरोधी सरकार को हटाने के लिए संगठित संघर्ष करें।

तरुण चुग ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता प्रदेश की जनता की आवाज बनेगा और कांग्रेस सरकार के “भ्रामक प्रचार, आर्थिक कुप्रबंधन और जनविरोधी नीतियों” को उजागर करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है, उसी दिशा में हिमाचल को भी आगे ले जाने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है और आने वाला समय प्रदेश में परिवर्तन का होगा। 

मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत ने रचा विकास का स्वर्णिम दशक – अनुराग ठाकुर 

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले एक दशक में अभूतपूर्व विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा हासिल की है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा देशहित से ऊपर राजनीति को रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया, जबकि भाजपा सरकार ने “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ देश को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना के तहत 55 करोड़ से अधिक लोगों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया गया है। अब 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी इस योजना में शामिल कर सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक क्षेत्र में भारत ने स्थिरता और विकास का संतुलन बनाए रखते हुए 2014 से 2026 तक औसतन 6.5 फीसदी की जीडीपी वृद्धि दर हासिल की। महंगाई दर भी अधिकांश समय भारतीय रिजर्व बैंक के 2-6 फीसदी के लक्ष्य के भीतर नियंत्रित रही, जो मजबूत आर्थिक प्रबंधन का प्रमाण है। ठाकुर ने बताया कि भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 2014 में लगभग 304 अरब डॉलर से बढ़कर 700 अरब डॉलर के स्तर तक पहुंच गया है। इसी अवधि में 667 अरब डॉलर से अधिक का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) आया, जो वैश्विक निवेशकों के भारत पर बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का पूंजीगत व्यय 2013-14 के लगभग 2 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 12 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गया है, जिससे देश में इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार सृजन को नई गति मिली है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *