शिमला। हिमाचल प्रदेश में भूकंप के हलके झटके फिर से आने लगे हैं। चंबा और बिलासपुर के बाद अब शिमला जिले में भूकंप का झटका आया है। सोमवार को शिमला जिले में दोपहरबाद 1:20 बजे भूकंप के झटके लगे। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.5 आंकी गई। भूकंप का केंद्र शिमला क्षेत्र था और इसकी गहराई जमीन से 10 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने इसकी पुष्टि की। भूकंप से फिलहाल किसी तरह के नुकसान की रिपोर्ट नहीं है। बता दें कि इस माह दूसरी बार शिमला भूकंप से हिला है। इससे पहले 13 अक्तूबर को यहां 3.1 की तीव्रता का भूकंप आया था। वहीं दो दिन पहले बिलासपुर में भी भूकंप का हलका झटका आय़ा था और उससे एक दिन पहले चंबा जिले में भी धरती हिली थी। इससे लोगों में भी खौफ पैदा होने लगा है।
