महापौर पर दादागिरी और टेंडर प्रक्रिया में धांधली के आरोप, भाजपा का जोरदार प्रदर्शन
केशव चौहान ने कांग्रेस शासित नगर निगम शिमला के महापौर और कांग्रेस पार्षदों पर दादागिरी का आरोप लगाया
शिमला। भाजपा ने शिमला नगर निगम की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाते हुए सोमवार को यहां डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। भाजपा जिला शिमला इकाई द्वारा किए गए इस प्रदर्शन के दौरान नगर निगम की पिछली बैठक में भाजपा पार्षदों के साथ किए गए व्यवहार कि कड़ी निंदा की गई और इसके लिए कांग्रेस शासित नगर निगम को जिम्मेदार ठहराया गया।
इस दौरान भाजपा जिला शिमला के अध्यक्ष केशव चौहान ने कांग्रेस शासित नगर निगम शिमला की नीतियों एवं कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए महापौर और कांग्रेस पार्षदों पर दादागिरी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी की जा रही है और भाजपा पार्षदों की आवाज को दबाकर मनमाने ढंग से फैसले लिए जा रहे हैं।
केशव चौहान ने आरोप लगाया कि महापौर का दायित्व केवल ढाई वर्ष के कार्यकाल के लिए निर्धारित था, लेकिन कांग्रेस सरकार द्वारा प्रक्रिया में बदलाव कर अन्य काबिल पार्षदों के साथ अन्याय किया गया है। उन्होंने हाल ही में आयोजित नगर निगम की मासिक बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेसी पार्षदों और महापौर द्वारा भाजपा पार्षद बिट्टू कुमार पाना को तथ्यहीन आधार पर निलंबित किया गया तथा भाजपा पार्षदों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। जिला भाजपा ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में भाजपा पार्षदों को दरकिनार कर निर्णय लिए जा रहे हैं, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
चौहान ने शहर की कानून-व्यवस्था और जनसुविधाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शहर में आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे आम नागरिकों और विशेषकर स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन निगम प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा।
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं को लेकर भी भाजपा ने निगम प्रशासन पर निशाना साधा। चौहान ने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार द्वारा शुरू किए गए कई विकास कार्यों को अधूरा छोड़ दिया गया है और टेंडर प्रक्रिया में मनमानी करते हुए अपने चहेते लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने टेंडर आवंटन में धांधली की आशंका जताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष संजीव देष्टा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त, जिला महामंत्री सत्य प्रकाश मानक, राजेंद्र झीना, बिट्टू कुमार पाना, कमलेश मेहता, रचना झीना, राजेंद्र चौहान, पूर्ण मल, निशा ठाकुर, कल्पना शर्मा, कल्याण धीमान सहित कई पूर्व पार्षद, जिला भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया गया और पार्षदों के साथ भेदभाव बंद नहीं हुआ, तो पार्टी जनआंदोलन तेज करेगी।
