Spread the love

मैहला में आयोजित हुआ सरकार गांव के द्वार  कार्यक्रम 

चंबा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को भरमौर विधानसभा  क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत मैहला में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मैहला, चडी, फागड़ी, बंदला, दाढवीं, वकाण के लोगों ने अपनी समस्याएं तथा मांगें रखी। विधायक नीरज नैय्यर और डॉ. जनकराज कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। 

सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में 400 के करीब लोगों ने अपनी शिकायतें-मांगें रखते हुए विभिन्न विभागीय योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनियों के माध्यम से जानकारी प्राप्त की और विभिन्न विभागीय सेवाओं से लाभ प्राप्त किया। विधानसभा अध्यक्ष ने लोगों से सीधा संवाद करते हुए समस्याओं को सुना और अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया। 

कुलदीप सिंह पठानिया ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से जहां एक ओर लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान हो रहा है, वहीं लोगों द्वारा रखी जा रही विभिन्न मांगों से क्षेत्र की आवश्यकताओं की जानकारी भी सरकार के समक्ष पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल एवं पारदर्शी नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम पूर्व सरकारों के समय आयोजित कार्यक्रमों से पूर्णतः भिन्न है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर प्रदेश सरकार ने हर पहलू का गंभीरता से आकलन करते हुए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की है।

कुलदीप सिंह पठानिया ने स्थानीय विधायक डॉ. जनकराज की मांग पर भरमौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सड़क कनेक्टिविटी को विस्तार देने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

साथ में उन्होंने जिला कृषि उपज एवं विपणन समिति के अध्यक्ष ललित ठाकुर द्वारा भरमौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गैर-जनजातीय क्षेत्र  को जनजातीय श्रेणी में शामिल करने संबंधी मुद्दे को विधानसभा की पिटीशन कमेटी के माध्यम से  प्रस्ताव केंद्र सरकार को प्रेषित करने का आश्वासन भी दिया।

सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में राजस्व विभाग द्वारा इस मौके पर 25 भूमि के इंतकाल दर्ज किए गए। इस दौरान 8 लोगों के आधार कार्ड अपडेट किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 89 व्यक्तियों की विभिन्न रोगों से संबंधित स्वास्थ्य जांच की गई तथा निशुल्क टेस्ट व दवाइयां वितरित की गई। इसके साथ 17 लोगों की हैपेटाइटिस तथा एचआईवी  संक्रमण की भी जांच की गई, जबकि चार लोगों को अपंगता प्रमाण पत्र के लिए पंजीकृत किया गया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यक्रम में संबंधित ग्राम पंचायतों के गत वर्ष आपदा से प्रभावित 6 परिवारों को 6 लाख 20 हजार रुपए राशि के चेक भी वितरित किए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 6 लोगों को घर की चाबियां भी वितरित की। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 10 लाभार्थियों को बीमा दस्तावेज प्रदान किए गए। 

उन्होंने इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान आयोजित  नशा मुक्त भारत एवं वरिष्ठ नागरिकों तथा युवाओं के मध्य संवाद कार्यक्रम के तहत भाषण एवं नारा लेखन प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार भी प्रदान किए। 

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने स्वागत संबोधन  रखा। उन्होंने लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी साझा की। 

अध्यक्ष जिला कृषि उपज एवं विपणन समिति ललित ठाकुर, पूर्व महासचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी अमित भरमौरी,अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी  सुरजीत भरमौरी, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, उप मंडल दंडाधिकारी प्रियांशु खाती, विकास शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएस भारद्वाज, अधीक्षण अभियंता दिवाकर सिंह पठानिया राजेश मोगरा, राजीव ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के ज़िला अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *