Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि केंद्र सरकार ने अभिव्यक्ति की आजादी पर पूरी तरह रोक लगा दी है। ऐसा लगता है कि देश में अघोषित आपातकाल लग गया है, जहां न तो सरकार के खिलाफ किसी को बोलने की आजादी है न ही विरोध प्रदर्शन करने की कोई अनुमति है।

विनय कुमार ने कहा कि दिल्ली में युवा कांग्रेस के शांतिपूर्ण प्रदर्शन से मोदी सरकार पूरी तरह बौखला गई है। इसी के चलते उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी तानाशाह के तौर पर देश की आवाज को दबाने का असफल प्रयास कर रहे हैं, पर न तो देश डरता है न ही युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता। 

 विनय कुमार ने केंद्र सरकार की दिल्ली पुलिस की‌ कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए कहा कि अगर पुलिस ही गैरकानूनी तरीके से किसी राज्य में आकर, बगैर किसी को सूचित किये बिना हिरासत में लेकर अपने साथ ले जाने की कोशिश करती है तो यह सीधे तौर पर प्रदेश की संप्रभुता  का हनन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है और इस प्रकार की अनैतिक कार्रवाई से प्रदेश के पर्यटन पर विपरीत असर पड़ सकता है। हिमाचल प्रदेश एक पर्यटक स्थल है।

विनय कुमार ने कहा कि दिल्ली में युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देश विरोधी नीतियों के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन में शामिल युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी, युवाओं की आवाज दबाने व उनके अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के दबाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को फिर से गुलामी की ओर ले जा रहे हैं जो किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जा सकता।

विनय कुमार ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश के हितों से खिलवाड़ कर रही है। इंडो-यूएस व्यापार समझौता भारत के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अमेरिका के आगे घुटने टेक दिए हैं। केंद्र की मोदी सरकार अपनी किसी भी आलोचना को सहन नहीं कर सकती और आलोचना करने वालों के खिलाफ देशद्रोह जैसे संगीन आरोप लगा कर उन्हें डराने का प्रयास किया जाता है। 

विनय कुमार ने कहा कि देश की आवाज, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को संसद में बोलने नहीं दिया जाता और लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा कि संविधान को कमजोर किया जा रहा है। कांग्रेस किसी भी सूरत में देश के साथ अन्याय नहीं होने देगी‌। इसके खिलाफ नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मार्गदर्शन में पूरे देश में  कांग्रेस एक बड़ा जन जागरण अभियान शुरू करेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *