शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज देश में महिलाओं विशेषकर दलित महिलाओं पर हो रहे जघन्य अपराधों के विरोध में यहां एक धरना प्रदर्शन आयोजित किया। यह धरना प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से शेरे-पंजाब तक किया गया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और बेटियों को न्याय देने की मांग की गई। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल समेत पार्टी के कई अग्रणी संगठनों के नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
इससे पहले, पार्टी मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ इसी मामले पर बैठक की। इस दौरान राठौर ने देश में बढ़ते महिलाओं पर अत्याचार व जघन्य अपराधों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश में आज कानून का कोई डर नहीं रहा है। उन्होंने हाथरस में बेटी के साथ हुए घोर अपराध पर उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि उस दलित बेटी के साथ अपराध के साथ-साथ बहुत बड़ा अन्याय भी हुआ है। कांग्रेस उस बेटी के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया की सरकार के सरंक्षण में उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। राठौर ने कहा कि विशेषकर दलित परिवार की बेटियों और महिलाओं के साथ अत्याचार व बलात्कार, हवस का शिकार बनाकर उनकी हत्याएं तक की जा रही है और सरकार दोषियों को कोई भी कानूनी सज़ा दिलवाने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। राठौर ने कोटखाई में गुड़िया हत्याकांड की जांच पुनः करवाने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।
राठौर ने केंद्र की मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि आज भाजपा राजनीतिक दल कम और कॉरपोरेट सेक्टर अधिक बन गया है। देश में संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। उन्होंने भाजपा से पूछा कि वह बताए उन्होंने हिंदुओं के लिए क्या किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राम के नाम पर अपनी रोटियां सेंकी। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार से देश की सरकारी सम्पतियों को बेचा जा रहा है, वह दिन दूर नहीं होगा, जब देश पर बड़े ओद्योगिक घरानों का ही कब्जा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आज मंदी के दौर में देश में भाजपा और चंद उद्योगपतियों की आय में बढ़ोतरी हो रही है।
