शिमला। नवरत्न कंपनी सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) के रामपुर जलविद्युत स्टेशन ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक का सबसे तेज (शीघ्रतम) 2000 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन दर्ज कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि 5 फरवरी, 2026 को हासिल की गई, जो कि इससे पूर्व 14 फरवरी, 2020 को बने रिकॉर्ड से नौ दिन पहले है। यह रिकॉर्ड विद्युत स्टेशन के पिछले ग्यारह वर्षों के प्रचालन में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जा रहा है।
एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि 412 मेगावाट क्षमता वाले रामपुर जलविद्युत स्टेशन द्वारा निर्धारित समय से पहले 2000 मिलियन यूनिट उत्पादन का लक्ष्य हासिल करना संगठन की तकनीकी दक्षता, कुशल प्रबंधन और समर्पित टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने इसे एसजेवीएन के लिए गर्व का विषय बताया।
इस अवसर पर एसजेवीएन प्रबंधन ने रामपुर परियोजना से जुड़े सभी कर्मचारियों एवं इस उपलब्धि में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले अधिकारियों, अभियंताओं और तकनीकी कर्मियों को हार्दिक बधाई दी। साथ ही, भारत सरकार एवं हिमाचल प्रदेश सरकार, विद्युत मंत्रालय, केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण तथा शिमला व कुल्लू जिला प्रशासन के निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
भूपेंद्र गुप्ता ने परियोजना प्रमुख विकास मारवाह के नेतृत्व में रामपुर जलविद्युत स्टेशन की पूरी टीम के अनुशासन, समर्पण और सुदृढ़ कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और तकनीकी चुनौतियों के बावजूद टीम ने उत्कृष्ट प्रचालनगत प्रदर्शन सुनिश्चित किया है।
एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय कर्मचारियों की सामूहिक योग्यता, प्रभावी मानव संसाधन प्रबंधन तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय को दिया। वहीं, निदेशक (वित्त) सिपन कुमार गर्ग ने कहा कि यह रिकॉर्ड ठोस वित्तीय प्रबंधन और प्रचालनगत उत्कृष्टता के बीच बेहतर तालमेल का प्रतिफल है, जिससे परियोजना की दक्षता में निरंतर वृद्धि हो रही है।
कमीशनिंग के बाद से ही रामपुर जलविद्युत स्टेशन निरंतर उत्पादन के नए बेंचमार्क स्थापित करता आ रहा है। यह इसकी सुदृढ़ इंजीनियरिंग डिज़ाइन, उच्च स्तरीय अनुरक्षण व्यवस्था तथा सतत प्रचालनगत उत्कृष्टता को दर्शाता है। यह उपलब्धि न केवल एसजेवीएन की प्रचालनगत क्षमता को प्रमाणित करती है, बल्कि देश को स्वच्छ एवं स्थायी ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में संगठन की प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ करती है।
