Spread the love

हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति (HGVS) जिला इकाई चम्बा 

चंबा। युवाओं में बढ़ते नशे की समस्या पर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति (HGVS) जिला इकाई चम्बा ने राजकीय ओद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) चंबा तथा पोलिटेक्निकल कॉलेज सरोल के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ नशीली दवाओं के दुरुपयोग (ड्रग एब्यूज़) के गंभीर मुद्दे पर संवाद किया। 

इस अवसर पर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के जिलाध्यक्ष प्रो. विपिन राठौर, उपाध्यक्ष पीसी मिन्हास, जिला सचिव गजेंद्र ठाकुर, कोषाध्यक्ष डॉ. विजय राठौर के साथ राज्य सचिव एवं हिमाचल फोरम अगेंस्ट ड्रग एब्यूज (HFADA) के संगठनात्मक सहयोगी सत्यवान पुंडीर विशेष रूप से शामिल हुए। 

इस मौके पर जिलाध्यक्ष डॉ. विपिन राठौर ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण को अपनाने तथा जीवन में विज्ञान एवं टैक्नोलॉजी के महत्व पर तथा सत्यवान पुंडीर ने नशीली दवाओं के बढ़ते खतरे को समझना तथा इसके सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रभावों पर चर्चा की। साथ ही HGVS टीम द्वारा नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम, इसके कारणों और दुष्परिणामों पर विस्तृत जानकारी साझा की गई। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी अपने विचार और अनुभव साझा किए तथा इस सामाजिक समस्या से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। 

कार्यशाला के दौरान नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर समुदाय आधारित हस्तक्षेप करने की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई जिसमें परिवार, समाज व युवा वर्ग की भूमिका को रेखांकित किया।

HGVS के राज्य‌ सचिव सत्यवान पुंडीर ने समाज में नशे के बढ़ते जाल को तोड़ने के लिए समाज को जागृत होकर लामबंद होने का भी आह्वान किया। साथ ही शिक्षण संस्थाओं के माध्यम से प्राइमरी प्रिवेशन पर जोरदार तरीके से अभियान चलाने की आवश्यकता है। इस अभियान के माध्यम से समाज में नशे के प्रभाव, कारणों तथा समाधान के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का प्रयास करना होगा तथा सामूहिक एवं समग्र प्रयासों को करना होगा।

पुंडीर ने सरकार तथा समाज से भी अपील की कि आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में नशे के खिलाफ एक व्यापक अभियान चलाया जाए, क्योंकि चुनावों में नशे को मुफ्त में परोसा जाता है और हर चुनाव के बाद समाज में एक न्याय उपभोक्ता समूह तैयार होता है। इसलिए इसके लिए ख़ासकर युवाओं को अपनी पीढ़ी को बचाने के लिए आगे आना होगा। 

इस मौके पर ज्ञान विज्ञान समिति द्वारा नशे के मुद्दे पर तैयार तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा लॉन्च की गयी The WHITE Truth वेब सीरीज के संदेश के प्रति भी युवाओं को जागरूक किया तथा इसे gyanvigyanstream चैनल द्वारा YouTube, Facebook तथा Instagram पर सब्स्क्राइब, लाइक, शेयर, कमेंट करने का आग्रह किया।

जिला सचिव गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि इस दौरान HGVS ने युवाओं, शिक्षण संस्थानों एवं समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध एक सशक्त और जागरूक समाज के निर्माण पर बल दिया। इस मौके पर ITI तथा पॉलिटेक्निक कॉलेज प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य ने ज्ञान विज्ञान समिति की टीम का आभार व्यक्त किया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *