Spread the love

कहा – प्रधानमंत्री मोदी के संदेश से देश को विकास, आत्मनिर्भरता और प्रेरणा की नई दिशा 

नाहन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने रविवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 38, यशवंत विहार में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 128वीं कड़ी का सीधा प्रसारण सुना। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं और आमजन की उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सभी बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्‍या में ‘मन की बात’ को सुना और प्रधानमंत्री के संदेशों को आत्मसात किया, जिससे जन-जन तक संवाद और मजबूत हुआ है। 

डॉ. बिंदल ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सामूहिक यात्रा का सशक्त मंच है। प्रधानमंत्री मोदी हर कड़ी में समाज को नई प्रेरणा, नई सोच और नई दिशा देने वाले विषयों को उजागर करते हैं। आज की कड़ी में भी देश के विकास, नवाचार, युवाओं की उपलब्धियों, कृषि, संस्कृति, रक्षा, पर्यटन और आत्मनिर्भर भारत जैसे अहम मुद्दों पर प्रधानमंत्री ने प्रभावशाली संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने संविधान दिवस, ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष, अयोध्या में राम मंदिर पर धर्मध्वजा आरोहण तथा कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में पांचजन्य स्मारक लोकार्पण जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का उल्लेख कर देशवासियों को गौरवशाली इतिहास से जुड़े रहने का संदेश दिया। साथ ही हैदराबाद में विश्व की सबसे बड़ी लीप इंजन एमआरओ सुविधा तथा मुंबई में नौसेना में शामिल हुए आईएनएस ‘माहे’ का जिक्र कर देश की बढ़ती तकनीकी और सामरिक ताकत को रेखांकित किया। 

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं की विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र में बढ़ती प्रतिभा की सराहना की। इसरो की ड्रोन प्रतियोगिता और चंद्रयान-3 का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि असफलताओं से सीखकर आगे बढ़ना ही सफलता का मार्ग है। यह संदेश देश के युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरक और उत्साहवर्धक है।

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने शहद उत्पादन, ‘हनी मिशन’ और किसानों की आय वृद्धि के सफल प्रयासों का उल्लेख किया। जम्मू-कश्मीर के रामबन सुलाई शहद से लेकर दक्षिण भारत और उत्तर-पूर्व के उदाहरणों तक, प्रधानमंत्री ने ग्रामीण भारत की आत्मनिर्भरता की दिशा में हो रहे परिवर्तन को उजागर किया। 

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, नौसेना दिवस, प्राकृतिक खेती, शीतकालीन पर्यटन और ‘वेड इन इंडिया’ जैसे विषयों पर भी विस्तृत दृष्टिकोण साझा किया। विशेषकर हिमालयी क्षेत्रों के शीतकालीन पर्यटन पर प्रधानमंत्री की टिप्पणी से हिमाचल प्रदेश में पर्यटन के नए अवसर खुलेंगे। 

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम राष्ट्रप्रेम, सेवा, सांस्कृतिक गौरव और सतत विकास का प्रेरक संदेश है। भाजपा कार्यकर्ता इन संदेशों को बूथ स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास जारी रखेंगे, ताकि हर नागरिक इस जन-भागीदारी की यात्रा का हिस्सा बन सके। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *