कहा – कांग्रेस सरकार की इच्छा सिर्फ़ पुराने कामों का पुनः शिलान्यास कर राजनीतिक लाभ लेने की, कांगड़ा हेलीपोर्ट इसका बड़ा उदाहरण
शिमला। हिमाचल प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने आरोप लगाया है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लगातार पूर्व भाजपा सरकार द्वारा बनाई गई योजनाओं और विकास परियोजनाओं का केवल पुनः उद्घाटन कर उनका श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज की कांग्रेस सरकार केवल रिबन काटने की राजनीति में लगी है, जबकि धरातल पर जो भी कार्य दिख रहे हैं, वे पूर्व भाजपा सरकार की दूरदृष्टि और योजनाओं का परिणाम हैं।
कपूर ने इसका ताजा उदाहरण देते हुए कहा कि कांगड़ा में हेलीकॉप्टर सेवा का उद्घाटन इसका स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने बताया कि कांगड़ा हेलीपोर्ट योजना को केंद्र की भाजपा सरकार ने स्वीकृति दी थी और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में इसकी आधारशिला रखी गई थी। उन्होंने कहा कि पूर्व जयराम ठाकुर सरकार ने इस परियोजना को तेज़ी से आगे बढ़ाया था और आज इसे कांग्रेस सरकार अपनी उपलब्धि के रूप में पेश कर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।
त्रिलोक कपूर ने यह भी कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में पर्यटन और कनेक्टिविटी के विस्तार को लेकर भाजपा सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए थे। उन्होंने कहा कि धर्मशाला स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, पर्यटन अवसंरचना, नई सड़कों का निर्माण और एयर कनेक्टिविटी, ये सब भाजपा सरकार के लिए प्राथमिकताएं थीं। आज इन्हीं परियोजनाओं को कांग्रेस सरकार नए अमलीजामा पहना कर अपना बताने की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू केवल प्रचार पर आधारित राजनीति कर रहे हैं और वास्तविक कामों की बजाय पूर्व सरकारों द्वारा किए गए कार्यों को दोबारा दिखाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता सब जानती है। जो विकास भाजपा सरकार ने किया था, वही आज प्रदेश को आगे बढ़ा रहा है। कांग्रेस सरकार के पास न नई योजनाएं हैं और न ही नई सोच। सिर्फ़ पुराने कामों पर पुनः शिलान्यास कर राजनीतिक लाभ लेने की इच्छा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे किसी भी भ्रामक प्रचार का तथ्यों के साथ निरंतर जवाब देती रहेगी और जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत करवाती रहेगी।
