Spread the love

धनद्रोंटी-केहमली सड़क का शिक्षा मंत्री ने किया उद्घाटन, पुड़ग पीएचसी निर्माण कार्य का निरीक्षण

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सोमवार को शिमला जिले के कोटखाई उपमंडल के पुड़ग क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 1.19 करोड़ रुपये से निर्मित धनद्रोंटी-केहमली सड़क का विधिवत उद्घाटन किया। साथ ही 1.91 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पुड़ग के भवन के कार्य की प्रगति का निरीक्षण भी किया। 

अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत पुड़ग उनके विधानसभा क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण भाग है, जिससे उनका भावनात्मक संबंध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को तेजी से और मजबूत तरीके से विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 35 लाख रुपये से संपर्क मार्ग पुड़ग की मेटलिंग-टारिंग का कार्य प्रगति पर है, जबकि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना चरण-3 के अंतर्गत गुम्मा-रेयोघाटी सड़क के लिए लगभग 27 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। यह सड़क गुम्मा से टिक्कर के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग होगी। इसके अलावा पंचायत भवन पुड़ग के निर्माण के लिए 35 लाख रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में सड़कों का महत्व अत्यधिक है, इसलिए कांग्रेस सरकार सड़कों के निर्माण पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में 148 सड़कों की पासिंग हो चुकी है तथा 500 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य जारी हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि बिजली, पेयजल, भवन निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में भी करोड़ों रुपये का निवेश किया जा रहा है। पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जुब्बल-कोटखाई के लिए 10 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से पुड़ग पीएचसी भी शामिल है। इसका निर्माण शीघ्र पूरा कर इसे जनता को समर्पित किया जाएगा।

रोहित ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में पेयजल समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए पब्बर नदी से 38 करोड़ रुपये की एक बड़ी उठाऊ पेयजल परियोजना बनाई जा रही है, जो इस वित्तीय वर्ष के अंत तक पूर्ण हो जाएगी। इससे जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र की 27 पंचायतों को लाभ मिलेगा, जिनमें पुड़ग भी शामिल है। 

स्थानीय मांगों पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि केहमली सड़क की मेटलिंग-टारिंग जल्द सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, अगले दो महीनों में केहमली बिजली ट्रांसफार्मर को अपग्रेड कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।

सरकार के प्रयासों से पूरी हुई केहमली सड़क की जनता की मांग – नरेश चौहान

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि केहमली गांव लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित था, लेकिन शिक्षा मंत्री और कांग्रेस सरकार के प्रयासों से यह लंबे समय से लंबित सड़क अब तैयार हो चुकी है। उन्होंने गांववासियों को बधाई दी और मंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस कार्यक्रम में जुब्बल-नावर-कोटखाई कांग्रेस मंडल के पूर्व अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, स्थानीय पंचायत प्रधान रेणु चौहान, उपप्रधान नितिन, कोटखाई तहसील यूनियन अध्यक्ष गुमान सिंह चौहान, निदेशक हिमाचल कृषि एवं ग्रामीण बैंक देविंदर नेगी, नगर पंचायत कोटखाई के पूर्व अध्यक्ष रविन्दर चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालटा, एसडीएम जुब्बल/कोटखाई गुरमीत नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *