Spread the love

शिमला। संजीवनी संस्था के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से शिष्टाचार भेंट की। इस प्रतिनिधिमंडल में संस्था के अध्यक्ष महेन्द्र धर्माणी, सलाहकार ओ.पी. शर्मा, जोगिंद कंवर, महासचिव नरेश शर्मा तथा उपाध्यक्ष नितिन व्यास शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को कार्यशाला के लिए औपचारिक आमंत्रण पत्र भेंट किया, जिसे राज्यपाल ने सादर स्वीकार किया। इस कार्यशाला में चार सत्रों का आयोजन किया जाएगा। इस प्रस्तावित राज्य स्तरीय कार्यशाला में प्रदेशभर के 17 सव्यंसेवी संस्थाओं से लगभग  150 प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा समाज में फैलते नशे के दुष्प्रभावों, विशेषकर विद्यार्थियों पर उसके प्रभाव पर चर्चा की जाएगी तथा नशा मुक्ति के लिए प्रभावी रणनीतियाँ प्रस्तुत की जाएंगी।

स्वयं सेवी संस्थाओं के समूहों की संस्था 

संजीवनी संस्था हिमाचल प्रदेश की 17 स्वयंसेवी संस्थाओं का एक संगठित समूह है और इसके द्वारा नशा मुक्ति अभियान “चिट्टे पर चोट” के अंतर्गत एक राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला दिसंबर माह के पहले सप्ताह में विलोज बैंक होटल, द मॉल, शिमला में आयोजित की जाएगी।

इस अभियान का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में शिक्षा संस्थानों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा समाज के अन्य वर्गों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के प्रति जागरूकता फैलाना है। संजीवनी संस्था लंबे समय से विद्यालयों, महिला मंडलों तथा युवा मंडलों के सहयोग से नशा उन्मूलन के लिए जनजागरण अभियान चला रही है।

संजीवनी संस्था ने विश्वास व्यक्त किया कि इस अभियान और राज्यपाल के सहयोग से प्रदेश में नशा मुक्त समाज की दिशा में एक सशक्त कदम उठाया जाएगा। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *