Spread the love

तम्बाकू मुक्त युवा अभियान के तहत सभी खिलाड़ियों को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ

सोलन। सोलन जिले के अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए ग्राम स्तर तक बेहतर खेल अधोसंरचना सृजित कर रही है ताकि ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा तराशने का अवसर मिल सके। वे रविवार को अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोटली स्थित अर्जुन खेल मैदान कोटली में आयोजित तृतीय धर्म पाल ठाकुर मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। धर्म पाल ठाकुर मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में अर्की विधानसभा क्षेत्र की 45 टीमों ने भाग लिया। 

संजय अवस्थी ने कहा कि हिमाचल में हर क्षेत्र में अनेक युवा प्रतिभाएं हैं। इन प्रतिभाओं को सही समय पर सही अवसर प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न खेलों में हिमाचल के खिलाड़ियों ने राष्ट्र तथा अंतराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हाल ही में सम्पन्न महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में हिमाचल की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर ने सर्वोच्च स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अन्य खेलों में भी हिमाचल के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। 

अवस्थी ने कहा कि युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने के लिए समय-समय पर ऐसे आयोजन करवाना आवश्यक है। वर्तमान समय में नशा समाज के लिए एक चुनौती बना हुआ है। युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी शारीरिक क्षमताओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने में खेल एक आवश्यक माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की खेलों की ओर रूचि और उनकी हिस्सदारी बढ़ाने के लिए प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है।

विधायक ने कहा कि एक अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए खेल की बारिकियां समझना आवश्यक है और इन्हें समझने के लिए कोच का होना अहम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र में एक क्रिकेट अकादमी खोलने पर भी विचार कर रही है।

विधायक ने कहा कि दाड़लाघाट में एक बेहतर खेल स्टेडियम बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

संजय अवस्थी ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनका लक्ष्य है। विधानसभा क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दृष्टिगत जहां नागरिक अस्पताल अर्की में 07 विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किए गए हैं वहीं शीघ्र ही यहां अल्ट्रा साउंड मशीन भी स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पताल में डायलिसिस केन्द्र स्थापित करने की भी स्वीकृति मिल गई है, जिसका कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा।  

विधायक ने विजेता टीम दधोगी इलेवन को 51 हज़ार रुपए और ट्राफी व उपविजेता टीम सौरव इलेवन घनागुघाट को 31 हज़ार रुपए और ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया गया और खिलाड़ियों केे उज्जवल भविष्य की कामना की।

उन्होंने शालाघाट में औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत दो शौचालयों के निर्माण कार्य के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।

उन्होंने शैड निर्माण कार्य के लिए 02 लाख रुपए देने तथा 05 सोलर लाइट देने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र में क्रिकेट पिच निर्माण के लिए 50 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।

संजय अवस्थी ने इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा संचालित तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत सभी खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।

विधायक ने इस अवसर पर जन समस्याएं सुनी और इनके निपटारे के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए।

इस अवसर पर धर्मपाल ठाकुर मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता की आयोजक समिति के अध्यक्ष संजय ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और प्रतियोगिता की गतिविधियों से अवगत करवाया।

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश कश्यप, राजेन्द्र रावत, भीम सिंह, नगर पंचायत अर्की की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक दाड़लाघाट संदीप शर्मा, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी अन्य गणमान्य व्यक्ति व बड़ी संख्या में दर्शक इस अवसर पर उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *