Spread the love

पालमपुर कालेज, बंदला और भगोटला स्कूल में 7.87 करोड़ के कार्यों का किया शिलान्यास और उद्घाटन

कहा – प्रदेश सरकार 18 फीसदी बजट शिक्षा पर कर रही है खर्च, वर्तमान सरकार शिक्षा में गुणवत्ता कर रही सुनिश्चित 

पालमपुर। प्रदेश सरकार द्वारा कांगड़ा जिले में सर्वाधिक राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूलों का निर्माण किया जा रहा है। 40 करोड़ की लागत के इन स्कूलों के लिए 14.17 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। शहीद कैप्टन विक्रम बतरा राजकीय महाविद्यालय पालमपुर में आयोजित उद्घाटन शिलान्यास कार्यक्रम के मौके पर यह बात शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कही।

शिक्षा मंत्री ने कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में 1.50 करोड़ रुपए की लागत से तैयार खेल मैदान, 17 लाख की लागत से निर्मित जूलॉजी प्रयोगशाला का लोकार्पण किया तथा 5 करोड़ से निर्मित होने वाले कन्या छात्रावास और 20 लाख की लागत से तैयार होने वाले बॉक्सिंग रिंग का शिलान्यास भी किया। इसके पश्चात उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंदला में 50.65 लाख रुपए की लागत से निर्मित साइंस ब्लॉक और इतनी ही लागत से निर्मित राजकीय उच्च विद्यालय भगोटला के नव निर्मित भवन को लोकार्पित किया।

रोहित ठाकुर ने कहा कि शिक्षा का क्षेत्र प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इसके चलते ही प्रदेश सरकार कुल बजट का 18 फ़ीसदी बजट शिक्षा पर व्यय कर रही है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में शिक्षा विभाग से संबंधित 20 करोड़ के कार्य जारी है जो जल्द ही लोकार्पित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा में गुणवत्ता के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने पहली बार कॉलेज और स्कूल तथा पुस्तकालय की रैंकिंग और ग्रेडिंग शुरू की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में साक्षरता दर 99.30 फीसदी हो चुकी है, इसमें कांग्रेस की सरकारों का अहम योगदान रहा है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने कॉलेज में 527 सहायक आचार्य के पद भरे हैं। इसी तरह 542 अन्य सहायक आचार्यों के पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने ही 118 प्रधानाचार्यों को पदोन्नत किया है। इसी तरह शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए शिक्षा निदेशालयों का एकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न सर्वे और रैंकिंग में हिमाचल प्रदेश जहां शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान पर पहुंच चुका था, वहीं वर्तमान प्रदेश सरकार के प्रयासों के चलते राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में तीसरा और पांचवा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में वर्तमान सरकार द्वारा विभिन्न वर्गों के 7 हजार अध्यापकों के पद भरे गए हैं, कुछ की प्रक्रिया अभी जारी है और इस प्रक्रिया को जल्द पूर्ण किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कॉलेज प्रशासन की ओर से रखी गई विभिन्न मांगों पीजी कोर्स शुरू करने, बहुउद्देशीय सभागार निर्मित करने सहित अन्य करीब आधा दर्जन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन भी दिया। 

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंदला में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री ने विद्यालय की टायलेट्स निर्माण की मांग पर विचार करने का आश्वासन दिया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित महिला मंडलों को 10-10 हजार रुपए की राशि प्रदान करने की घोषणा की। राजकीय उच्च विद्यालय भगोटला में भी उन्होंने नव निर्मित भवन के आगे डंगा लगाने के लिए बजट स्वीकृत करने का आश्वासन दिया और इसका प्राक्लन तैयार करने के निर्देश दिए। बंदला और भगोटला स्कूल में आयोजित जनसभाओं में स्कूल प्रशासन ने मंत्री को सम्मानित कर स्मृति चिन्ह भी भेंट किए।

विधायक आशीष बुटेल ने पालमुपर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा विभाग से संबंधित करीब 8 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों को लोकार्पित करने और शिलान्यास करने के लिए शिक्षा मंत्री का आभार जताया। 

इस मौके पर नगर निगम पालमपुर के महापौर गोपाल नाग, उपमहापौर राजकुमार, वूल फेडरेशन निदेशक मंडल सदस्य त्रिलोक कपूर, कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता संजीव गांधी, एसडीएम पालमपुर नेत्रा मेती, सचिव स्कूल शिक्षा बोर्ड डॉ. विशाल शर्मा, आयुक्त नगर निगम, डॉ. आशीष शर्मा, डीएसपी लोकेंद्र नेगी, उप निदेशक उच्च शिक्षा कमलेश ठाकुर, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक अजय संबयाल, अधीक्षण अभियंता बीएम ठाकुर, कॉलेज की कार्यकारी प्रधानाचार्य कल्पना ऋषि सहित विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, अध्यापक, स्थानीय जन प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *