1500 से अधिक प्रतिभागियों की जोशीली भागीदारी
गायक मोहित चौहान ने गीतों और संदेशों से युवाओं को मोहित किया
शिमला। भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चल रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत रविवार को ऐतिहासिक नमो युवा रन का आयोजन किया। यह दौड़ रिज मैदान से चौड़ा मैदान तक आयोजित की गई। इस नमो युवा रन के दौरान जब सैकड़ों युवा एक साथ दौड़े तो रिज से चौड़ा मैदान तक का दृश्य भारत की युवा शक्ति और एकता का प्रतीक बना।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि देश-विदेश में हिमाचल का नाम रोशन करने वाले लोकप्रिय गायक मोहित चौहान ने भी कार्यक्रम की शान बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सन्नी शुक्ल ने की। इस अवसर पर डॉ. सिकंदर कुमार, संजीव कटवाल, बिहारी लाल शर्मा, विधायक रीना कश्यप, विनोद कुमार, बलबीर वर्मा, राजीव सहजल, सुरेश भारद्वाज, संजय सूद, रवि मेहता, तिलक राज शर्मा, कर्ण नंदा, संजीव दृष्टा, चेतन ब्रागटा, केशव चौहान, अरुण फालटा, धीरज गुप्ता और राकेश डोगरा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने बताया कि इस नमो युवा रन में 1500 से अधिक प्रतिभागियों ने जोश और उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे यह कार्यक्रम ऐतिहासिक बन गया।
“नमो रन” सिर्फ दौड़ नहीं, युवा शक्ति का प्रतीक : जयराम ठाकुर
नमो युवा रन को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “युवा फिट तो देश हिट” के संकल्प का यह जीवंत उदाहरण है। यह रन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि युवाओं की ऊर्जा, देशभक्ति और स्वस्थ भारत के सपने को साकार करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा कहते हैं कि “युवा ही भारत का भविष्य हैं” और जब युवा फिट, ऊर्जावान और अनुशासित होंगे, तभी भारत सशक्त और समृद्ध बनेगा। यह रन न केवल फिटनेस और स्वास्थ्य का संदेश देता है, बल्कि नशामुक्ति, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी मजबूत करता है।
जयराम ठाकुर ने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल आज नहीं, बल्कि हर दिन अपने जीवन में फिटनेस और सकारात्मक ऊर्जा को अपनाएं। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए युवा मोर्चा के अध्यक्ष सन्नी शुक्ल और उनकी पूरी टीम को बधाई दी।
गीतों और संदेशों से युवाओं को प्रेरित करते मोहित चौहान
कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक मोहित चौहान ने अपने गीत “शिव कैलाशो के वासी, धौली धारों के राजा” से युवाओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने अपनी जीवन यात्रा के अनुभव साझा किए और हिमाचल से अपने गहरे जुड़ाव की भावनाओं को व्यक्त किया। मोहित चौहान ने युवाओं से नशामुक्ति का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे को हराना हर युवा का लक्ष्य होना चाहिए और इसके खिलाफ एक बड़ी जंग छेड़ना समय की मांग है।
