Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुई भीषण वर्षा और भूस्खलन ने जहां जन-जीवन को संकट में डाला है, वहीं राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजमार्गों की स्थिति भी अत्यंत दयनीय हो गई है। जगह-जगह सड़कों के धंसने, बड़े-बड़े गड्ढे बनने और मार्ग अवरुद्ध होने से परिवहन व्यवस्था बुरी तरह चरमराई हुई है। इस गंभीर परिप्रेक्ष्य में राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है।

हर्ष महाजन ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक संरचना इसे संवेदनशील बनाती है और अतिवृष्टि एवं भूस्खलन की मार झेलने के बाद प्रदेश के राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति खतरनाक हो गई है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों की त्वरित मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है ताकि स्थानीय लोगों की आवाजाही बहाल हो सके और प्रदेश का पर्यटन, व्यापार एवं आपूर्ति श्रृंखला फिर से पटरी पर लौट सके।

हर्ष महाजन ने यह भी आग्रह किया कि एनएचएआई अधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। साथ ही, वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश में एनएचएआई के स्थानीय स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया जाए, जो स्थलीय निरीक्षण कर समय-समय पर मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति पर सतत निगरानी रखे।

हर्ष महाजन ने नितिन गडकरी से हिमाचल प्रदेश का दौरा करने का भी आग्रह किया ताकि वे स्वयं आपदा से उत्पन्न हालात एवं सड़क नेटवर्क की दयनीय स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन कर स्थानीय आवश्यकताओं का मूल्यांकन कर सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप और मार्गदर्शन से प्रदेश की सड़क व्यवस्था शीघ्र ही सामान्य हो जाएगी तथा हिमाचल की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *