शिमला। हिमाचल में कोरोना संक्रमण से मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वीरवार को राज्य में कोरोना संक्रमण से सात और मरीजों की मौत हो गई। शिमला जिले में 5 और कांगड़ा और कुल्लू जिले में एक-एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। आईजीएमसी अस्पताल शिमला में चार कोरोना संक्रमित मरीजों ने दम तोड़ा। शिमला जिले के जुब्बल के सिविल अस्पताल में दाखिल एक कोरोना संक्रमित महिला की मौत हुई है। शिमला में 67 वर्षीय संक्रमित, नाहन के 62 वर्षीय बुजुर्ग, ठियोग के 60 वर्षीय मरीज, जुब्बल की 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला और ढली के 68 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं, नेरचौक मेडिकल कॉलेज मंडी में कुल्लू के मनाली क्षेत्र के एक 74 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की भी मौत हो गई। कांगड़ा जिले में 70 वर्षीय महिला की कोरोना संक्रमण से निधन हुआ है। इस प्रकार राज्य में कोरोना संक्रमण से 233 लोगों की मौत हो चुकी है।
उधर, प्रदेश में कोरोना संक्रमण से 213 नए मामले पाजीटिव आए हैं। मंडी जिले में सबसे अधिक 54 नए मामले आए हैं। शिमला जिले में 37, सिरमौर जिले में 25, सोलन में 21, बिलासपुर में 18, कांगड़ा में 17, कुल्लू में 12, चंबा में 11, हमीरपुर में 8, ऊना में 5, लाहौल-स्पीति में 4 और किन्नौर जिले में एक मामला कोरोना पाजिटिव आया है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 16778 पहुंच गया है। अब तक 13583 मरीज इस रोग से ठीक हो चुके हैं। वीरवार को 259 और मरीज ठीक हुए हैं। अब प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 2943 एक्टिव केस हैं। हमीरपुर जिले में वीरवार को 8 लोग कोरोना पाॅजीटिव पाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अर्चना सोनी ने बताया कि पाॅजीटिव पाए गए लोगों में गांव उखली का 36 वर्षीय व्यक्ति और 56 वर्षीय महिला, भोरंज उपमंडल के गांव कक्कड़ की 9 वर्षीय लड़की, गांव री डाकघर उट्टप की 50 वर्षीय महिला, हमीरपुर के वार्ड नंबर 11 का 30 वर्षीय व्यक्ति और गांव बोहनी का 34 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। वहीं, चंबा जिले में चरस के साथ पकड़े गए आरोपी के कोरोना संक्रमित निकलने से हड़कंप मच गया है। आरोपी के संपर्क में आए गैहरा पुलिस चौकी के 12 पुलिस व गृह रक्षक जवान होम क्वारंटीन हो गए हैं। पुलिस चौकी को भी सैनिटाइज करवाया गया है। आरोपी को कोविड केयर सेंटर भेज दिया गया है।
