Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी का 10 अक्टूबर को मंडी राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन होगा। इस सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला भी भाग लेंगे। इस सम्मेलन में केंद्र द्वारा लाए गए कृषि विधेयकों के बारे में पार्टी कार्यकर्ताओं को जानकारी दी जाएगी और बताया जाएगा कि कैसे इसके माध्यम से किसानों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। 

प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने वीरवार को यहां बताया कि केंद्र के किसान विरोधी कानून के खिलाफ कांग्रेस की निर्णायक लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक की केंद्र सरकार इस नए काले कानून को वापिस नहीं ले लेती। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शिमला, हमीरपुर व कांगड़ा संसदीय क्षेत्रों में अन्नदाता किसान संवाद आयोजित कर चुके है। इसमें किसानों का भारी समर्थन उन्हें मिला है।

किमटा ने बताया कि 10 अक्टूबर को मंडी में आयोजित होने जा रहें कांग्रेस के इस राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में प्रदेशभर के कांग्रेस नेताओं सहित किसान व बागवानी से जुड़े नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है। इस सम्मेलन में केंद्र द्वारा पारित नए कृषि कानून से होने वाले नुकसान की विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाया जाएगा और केंद्र पर इस काले कानून को रद्द करने का पूरा दबाव बनाया जाएगा। किमटा ने प्रदेशभर के किसानों व बागवानों का आह्वान किया है कि वह ज्यादा से ज्यादा इस सम्मेलन में उपस्थित होकर अपनी आवाज को कांग्रेस के साथ बुलंद करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ सदैव खड़ी है और खड़ी रहेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed