Spread the love

उद्योग मंत्री ने नाहन में जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की 

नाहन। उद्योग, संसदीय मामले तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शुक्रवार को यहां जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। हिमाचल प्रदेश विधान सभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, सासंद शिमला संसदीय क्षेत्र सुरेश कश्यप, विधायक पांवटा साहिब सुखराम चौधरी, विधायक नाहन अजय सोलंकी व अन्य सभी सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्य बैठक में उपस्थित रहे।

बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि इस बैठक में जिला में चल रहे कार्यों‌ की विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि हिमाचल व जिला में विकास को गति प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन को मानसून के लिए पुख्ता तैयारी करने के लिए कहा। उन्होंने उपायुक्त को अपने स्तर पर सभी विभागों के साथ नियमित रूप से बैठक आयोजित करने के लिए कहा ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित निपटारा किया जा सके।

बैठक में अवगत करवाया गया कि जिला में मनरेगा के तहत वर्ष 2024-25 में 103037 जॉब कार्ड जारी किए गए है और 5734.96 लाख रुपए का वेतन प्रदान किया गया है। जिला में वर्ष 2024-25 में 39 स्वयं सहायता समूह नए व पुनः गठित किए गए। वर्ष 2024-25 में 101 गृह हीन/ भूमिहीन व्यक्तियों को भूमि आवंटित की गई, जिसमें से अनुसूचित जाति के 51 व्यक्तियों, अनुसूचित जनजातीय के तीन तथा 47 अन्य पात्र लाभार्थियों को भूमि आबंटित की गई।

बैठक में अवगत करवाया गया कि अंतोदय अन्न योजना के तहत वर्ष 2024-25 में 2507 टन अनाज गरीबी रेखा से नीचे रह रहे व्यक्तियों को आबंटित किया गया। वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 335 गृह निर्माण किए गए। इसके अतिरिक्त, नगर परिषद क्षेत्र में निम्न आय समूह/आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के व्यक्तियों को नगर परिषद नाहन में 356 व्यक्ति , नगर परिषद पांवटा में 185 व्यक्ति और नगर पंचायत राजगढ़ में 63 व्यक्तियों के गृह निर्माण किए गए है। जिला सिरमौर के ग्रामीण क्षेत्रों में 718 व्यक्तिगत घरेलू शौचालय निर्माण किए गए है।

बैठक में बताया कि जिला सिरमौर में 520.10 हैक्टेयर भूमि पर पौधरोपण कर लगभग 03 लाख 91 हजार पौधे रोपित किए गए।

जिला सिरमौर में वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षत्रों में 158 किलोमीटर लंबी सड़कों का सुधारीकरण किया गया। जिला में राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड द्वारा 734.06 मिलियन यूनिट बिजली प्रदान की गई है।

बैठक में अवगत करवाया कि जिला सिरमौर में वर्ष 2024-25 में विभिन्न योजनाओं के शीर्षकों के लिए बजट स्वीकृत किए गए है, जिसमें पिछड़ा वर्ग उपयोजना के तहत 59 योजनाओं के लिए लगभग 01 करोड़ 85 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, विधायक क्षेत्रीय विकास निधि योजना के तहत 790 योजनाओं के लिए 11 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए है और विकास में जन सहयोग शीर्षक के तहत 58 योजनाओं के लिए लगभग 03 करोड़ 55 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ग्राम पथ योजना के तहत 09 योजनाओं के लिए 20 लाख 59 हजार रुपए की योजनाएं स्वीकृत की गई है और क्षेत्रीय विकेन्द्रित योजना के तहत 229 योजनाओं के लिए लगभग 04 करोड़ 87 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

उपायुक्त सिरमौर ने बैठक के अध्यक्ष व अन्य उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया और धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। बैठक में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत नेगी तथा अन्य विभागाध्यक्ष भी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *