Spread the love

मंडी। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के राजकीय स्कूलों में विभिन्न शिक्षकों के 6 हजार से अधिक पद भरे जा चुके हैं तथा निकट भविष्य में राज्य चयन आयोग के माध्यम से 3100 और पद भरे जायेंगे, जिसकी चयन प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। वे बुधवार को अभिलाषी विश्वविद्यालय चैलचौक के छठे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे‌ थे। इस मौके पर रोहित ठाकुर ने विद्यार्थियों को डिग्रियां भी प्रदान की।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए भरसक प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विपरीत वित्तीय परिस्थितियों के बावजूद इस वित्तीय वर्ष में शिक्षा क्षेत्र के लिए लगभग 8950 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा महाविद्यालयों में काफी समय से रिक्त चल रहे 119 प्रधानाचार्यों के पदों को भरा गया है। इसके अलावा सहायक प्रोफेसर के 484 पद भी भरे गए हैं।
इससे पूर्व, रोहित ठाकुर ने राजकीय महाविद्यालय बासा तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कनैड का निरीक्षण भी किया। उन्होंने महाविद्यालय तथा स्कूल में अधूरे पड़े कार्यों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अभिलाषी विश्वविद्यालय का अहम योगदान है और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ऐतिहासिक उपलब्धियां अर्जित कर प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। संस्थान द्वारा कम अवधि में ही आधुनिक नवाचार-युक्त और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों वाले विश्वविद्यालय के रूप में एक नई मिसाल कायम की है। वर्तमान में देशभर के छात्र यहां अध्ययन के लिए आ रहे हैं तथा नई संभावनाओं की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा चलाए जा रहे नवोन्मेषी और जॉब ओरिएंटेड पाठ्यक्रम न केवल युवाओं के भविष्य को संवार रहें हैं, बल्कि प्रदेश के समग्र विकास में भी योगदान दे रहे हैं।
रोहित ठाकुर ने कहा कि आज के आधुनिक समय में विद्यार्थियों को कठोर परिश्रम के साथ स्मार्ट वर्क भी करना होगा ताकि वे सफलता की बुलंदियों को हासिल कर सकें। उन्होंने छात्रों को नशे से दूर रहने तथा समय की कद्र करने का भी आह्वान किया। 
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डाॅ. आर.के. अभिलाषी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। 
इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक लाल सिंह कौशल, विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति डाॅ. एल.के. अभिलाषी, विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारी, एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी व अन्य गणमान्य मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *