Spread the love

शिमला। शिमला जिले के जुब्बल-कोटखाई में जिला परिषद वार्डों के नए परिसीमन को लेकर क्षेत्र में लोगों में नाराज़गी सामन आने लगी है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता चेतन बरागटा ने मंगलवार को इस विषय को लेकर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप से मुलाकात कर क्षेत्रवासियों की आपत्ति दर्ज करवाई। 

बरागटा ने उपायुक्त के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में लगभग 66 हजार मतदाता हैं। कोटखाई में 34 हजार और जुब्बल में 32 हजार, इतनी बड़ी आबादी के बावजूद वार्डों की संख्या घटा दी गई है और ऐसा करना तर्कसंगत नहीं है। उन्होंने कहा नए परिसीमन के अनुसार अब वार्डों का क्षेत्रफल बहुत ज्यादा हो गया है, जिससे जनता तक चुने हुए प्रतिनिधियों की पहुंच मुश्किल हो जाएगी। प्रतिनिधित्व कम होने से विकास कार्यों के लिए मिलने वाली धनराशि और योजनाएं भी प्रभावित होंगी। 

चेतन बरागटा ने पूछा कि जुब्बल-कोटखाई विधानसभा के साथ ही भेदभाव क्यों? जबकि जिले के कई ऐसे क्षेत्र जहाँ मतदाता संख्या बहुत कम है और वहां कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जुब्बल-कोटखाई के तीन वार्डों को तीन से घटाकर दो कर देना जुब्बल-कोटखाई के साथ सीधा अन्याय है। बरागटा ने उपायुक्त से मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र के साथ न्याय किया जाए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *