शिमला। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने शांति, अहिंसा, सत्याग्रह और असहयोग के माध्यम से आंदोलन का अद्वितीय मार्ग सुझाया, जिसका अनुसरण कर स्वतंत्र भारत का मार्ग प्रशस्त हुआ। शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन मंत्री सुरेश भारद्वाज ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के उपरान्त नगर निगम शिमला द्वारा आयोजित स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम के अवसर पर यह विचार व्यक्त किए।
सुरेश भारद्वाज ने बताया कि महात्मा गांधी आत्मनिर्भर ग्राम, स्वच्छता, सादगी और ग्राम स्वराज के पुरोधा थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल करने के लिए महात्मा गांधी की शिक्षा स्वच्छता को अपनाया जिसका संपूर्ण देश अनुसरण कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को हमें जीवन के अनिवार्य अंग के रूप में अपनाना चाहिए। उन्होंने शिमला में पर्यावरण सुरक्षा और हरित वातावरण के विस्तार के लिए पौधारोपण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने पौधारोपण कार्यक्रम के तहत चिनार का पौधा रोपित किया।शहरी विकास मंत्री ने शिमला के तहबाजारियों को तहबाजारी प्रमाण पत्र भी वितरित किए।उन्होंने बताया कि शिमला शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आजीविका कमा रहे तहबाजारियों के लिए यह प्रमाण पत्र उनके पहचान में कारगर साबित होंगे, जिससे तहबाजारी सुगमता से अपना कार्य कर सकेंगे। उन्होने आज युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा द्वारा जाखू वार्ड के कॉस्टोफन में भी स्वच्छता अभियान का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर सत्या कौंडल, उप महापौर शैलेन्द्र चौहान, पार्षद डा. किमी सूद, जगजीत बग्गा, आरती चौहान, दीपक शर्मा, सचिव शहरी विकास, रजनीश कुमार, उपायुक्त शिमला अमित कश्यप,पुलिस अधीक्षक मोहित चावला, आयुक्त नगर निगम पंकज राय भी मौजूद थे।
