शिमला। हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक संयुक्त संघर्ष मोर्चा के एक शिष्टमंडल ने शुक्रवार को यहां राजभवन में मार्चा के प्रदेशाध्यक्ष हीरामणि भारद्धाज के नेतृत्व में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से भेंट की।
उन्होंने राज्यपाल को मांगपत्र देकर भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को ऐतिहासिक रिज पर स्थापित करने, प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में पांचवी कक्षा से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के समाज सुधारकों की जीवनी पढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने आंध्र प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना एवं कर्नाटका राज्यों द्वारा बनाये गए ‘राज्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निधि (योजना, आबंटन एवं वित्तीय संसाधनों का उपयोग) अधिनियम के अनुरूप हिमाचल प्रदेश में भी अधिनियम बनाना, जिसके लिए संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने ‘हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निधि (योजना, आबंटन और वित्तीय संसाधनों का उपयोग) अधिनियम’ का प्रारूप प्रस्तुत किया। मोर्चा ने प्रधानमंत्री द्वारा देश में जातिगत जनगणना करवाने के फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त की।
शिष्टमंडल में मोर्चा के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष सेन राम नेगी, राज्य समन्वयक राजेश कश्यप, राज्य सचिव सावित्री कश्यप, शिमला जिला अध्यक्षा बिंदी कल्याण एवं शिमला जिला महासचिव शक्त राम कश्यप शामिल रहे।
