Spread the love

‘ऑपरेशन दोस्त’ की अनदेखी कर तुर्की ने पकिस्तान को दिया सैन्य सहयोग, देश में उबाल

शिमला। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने तुर्की द्वारा पाकिस्तान को सैन्य ड्रोन सहायता देने की कड़ी आलोचना की है‌। उन्होंने कहा है कि भारत को तुर्की से सेब सहित सभी वस्तुओं के आयात पर तुरंत प्रतिबंध लगा देना चाहिए। 

राठौर ने कहा कि 2023 में जब तुर्की एक भीषण भूकंप से जूझ रहा था, तब भारत ने ‘ऑपरेशन दोस्त’ के माध्यम से सबसे पहले सहायता पहुंचाई। भारत सरकार ने न केवल एनडीआरएफ की टीमें भेजीं, बल्कि अत्याधुनिक गरुड़ एयरोस्पेस के ड्रोन और संशोधित किसान ड्रोन के माध्यम से दवाएं व खाद्य सामग्री तुर्की को भेजी। यह भारत की मानवता, मित्रता और अंतरराष्ट्रीय उत्तरदायित्व का प्रतीक था।

राठौर ने कहा कि संकट की घड़ी में मदद पाने वाला तुर्की आज पाकिस्तान को सैन्य सहायता प्रदान कर भारत की पीठ में छुरा घोंप रहा है। यह न केवल कृतघ्नता है, बल्कि भारत की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए गंभीर चुनौती भी है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह तुर्की से होने वाले व्यापारिक संबंधों की तुरंत समीक्षा करे।‌ साथ ही देश की जनता से अपील की कि वे तुर्की की वस्तुओं और पर्यटन का पूर्ण बहिष्कार करें।

कुलदीप राठौर ने कहा कि यदि भारत तुर्की से सेब और अन्य कृषि उत्पादों का आयात बंद करता है, तो इससे देश के किसानों -विशेष रूप से हिमाचल, कश्मीर और उत्तराखंड के उत्पादकों- को बड़ा लाभ मिलेगा। भारत को आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस कदम उठाने का यह सही समय है। उन्होंने कहा कि देशभर में सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर व्यापक जनाक्रोश देखा जा रहा है और लोग तुर्की के प्रति नाराज़गी और भारत सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग जता रहे हैं। 

कुलदीप सिंह राठौर ने स्पष्ट कहा कि जो देश भारत की मित्रता को धोखा देता है, उसे हमारी ज़मीन पर व्यापार की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए। यह केवल व्यापार का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान और सुरक्षा का सवाल है। भारत को इस विषय में स्पष्ट, कठोर और आत्मसम्मानजनक निर्णय लेना होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *