Spread the love

राज्यपाल ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया

बिलासपुर। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने हिमाचल प्रदेश के लाहुल स्पिति जिला के उदयपुर में सड़क संगठन (बी.आर.ओ.) द्वारा निर्मित डबल लाइन पुल के लोकार्पण के लिये केंद्रीय रक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया है। सड़क संगठन (बी.आर.ओ.) के 66वें स्थापना दिवस के अवसर पर बी.आर.ओ मुख्यालय नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राज नाथ सिंह बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। कार्यक्रम में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल बिलासपुर से वर्चुअल तौर पर जुड़े।

 इस अवसर पर, देशभर में 50 विभिन्न अधोसंरचना परियोजनाओं को देश को समर्पित किया गया, जिनमें सड़क और पुल शामिल हैं। केंद्रीय रक्षा मंत्री ने इन परियोजनाओं का उदघाटन किया, जिनमें हिमाचल प्रदेश के लाहुल स्पिति जिला के उदयपुर में निर्मित डबल लाइन पुल भी शामिल है। यह पल 4 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इस पुल का निर्माण कार्य 20 फरवरी 2023 में शुरू हुआ और 17 जनवरी 2025 में समाप्त हुआ। 

इस अवसर पर, राज्यपाल ने कहा कि यह पुल सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। पहले यहां पर एक आरसीसी भीम सेतु हुआ करता था, जो 9 मीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा था, और इसकी लोड क्षमता मात्र 18 ‘आर’ थी। उन्होंने कहा कि इस सेतु के कारण बड़े वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें होती थीं, जिससे स्थानीय लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए नया भीम सेतु तैयार किया है, जिसकी लंबाई 21 मीटर और चौड़ाई 10 मीटर है, और इसकी भार क्षमता 70 ‘आर’ है।

राज्यपाल ने कहा, “मैं इस शानदार उपलब्धि के लिए प्रोजेक्ट दीपक/38 सीमा सड़क कृतिक बल और 94 सड़क निर्माण इकाई के सभी रैंकों को बधाई देता हूँ। मुख्य अभियंता परियोजना दीपक की ओर से, 94 सड़क निर्माण इकाई के सभी रैंक और श्रमिकों के प्रति अपनी प्रशंसा और आभार व्यक्त करता हूँ।”

इससे पूर्व, बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार ने राज्यपाल का स्वागत किया। राज्यपाल से सचिव सी.पी.वर्मा, पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह, प्रोजेक्ट दीपक के चीफ इंजीनियर राजीव कुमार, जिला प्रशासन और सीमा सड़क संगठन के अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *