Spread the love

कहा – बूथ स्तर से लेकर जिला तक पार्टी संगठन होगा और मजबूत 

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि अहमदाबाद अधिवेशन से पार्टी कार्यकर्ताओं में नए जोश का रक्त संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन बहुत ही सफल रहा है और इस अधिवेशन से भाजपा के खिलाफ युद्धघोष की गूंज जल्द ही पूरे देश में सुनाई देगी। वे सोमवार को यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। 

कुलदीप राठौर ने कहा कि देश के मौजूदा शासन के खिलाफ जिसमें, अन्याय, बेरोजगारी व मंहगाई जैसे अहम मुद्दे हैं, उसके लिये कांग्रेस ने न्याय पथ चुना है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस बूथ स्तर से लेकर जिला तक पार्टी संगठन को मजबूत करेगी। जिला अध्यक्षों को मजबूत कर उन्हें अधिक शक्तिशाली बनाया जाएगा और उन्हें पार्टी की बड़ी बैठकों में भी बुलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनावों के लिए पार्टी प्रत्याशी चयन में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि संगठन में जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने स्पष्ट किया है कि पार्टी को ग्रास रूट से मजबूत किया जाएगा।

राठौर ने कहा कि उन्हें गुजरात में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक के तौर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए उन्होंने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि प्रदेश में उनके संगठन, प्रदेशाध्यक्ष में किये गए कार्यों के परिणाम स्वरूप उन्हें गुजरात की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। राठौर ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष के दौरान उन्होंने प्रदेश की उन विधानसभा क्षेत्रों में, जहां पार्टी पिछले कई सालों से हार रही थी, उन क्षेत्रों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिये जमीनी स्तर पर कार्य किया और उसमें सफलता भी हासिल की। उन्होंने कहा कि कोई भी जीत असंभव नहीं होती, इरादे मजबूत होने चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इस बार गुजरात मे कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहरायेगी। 

सेब पर बढ़ाया जाए आयात शुल्क – राठौर 

 कुलदीप सिंह राठौर ने अमरीकी टैरिफ वॉर को 90 दिनों तक निरस्त करने पर खुशी जताते हुए केंद्र सरकार से मांग की कि वह अमेरिका के साथ किसानों व बागवानों के हितों की मजबूत पैरवी करें। उन्होंने सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने की मांग फिर से दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पांच हजार करोड़ रुपए की सेब आधारित आर्थिकी विदेशी आयात से प्रभावित हो रही है।

राठौर ने कहा कि वह प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों को पत्र लिख कर सेब की आर्थिकी को बचाने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष प्रदेश का पक्ष रखने का आग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इसके लिए प्रदेश के सभी भाजपा नेताओं का सहयोग मिलेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed