रिकांगपिओ। राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने बुधवार को यहां एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना भवन में ग्रामीण विकास एवं प्रधानमंत्री सिंचाई योजना की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को जनजातीय जिला किन्नौर में विकास कार्यों को समयबद्ध सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि धरातल पर ग्रामीण लोगों को लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने अधिकारियों से सीधा संवाद स्थापित किया और बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया ताकि लंबित पड़े विकास कार्यों को गति मिल सके।
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कैबिनेट मंत्री को जिला की विकासात्मक कार्यों पर विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
जगत सिंह नेगी ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना पर विस्तृत चर्चा की तथा किल्बा व सांगला क्षेत्र में इस योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण कार्यों पर बल दिया ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को संबल मिल सके।
समीक्षा बैठक में जनजातीय जिला किन्नौर में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन पर चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए ताकि सुचारू रूप से व्यवस्था कायम रहे।
जिला विकास अधिकारी प्यारे लाल नेगी ने बैठक का संचालन किया और विभिन्न घटकों के बारे में जानकारी प्रदान की। बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. कविराज नेगी, प्रबंधक जिला उद्योग केंद्र गुरु लाल नेगी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दिनेश सेन व आनंद शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग अभिषेक शर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत टाशी नेगी, खंड विकास अधिकारी पूह सहित अन्य अधिकारी इंद्र चंद नेगी और अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
