Spread the love

भ्रष्टाचार और माफ़ियाराज के जाल में जकड़ी सरकार : जयराम ठाकुर 

कहा – सत्ता के संरक्षण में पनप रहा माफिया राज और भ्रष्टाचार 

शिमला। प्रदेश की सुक्खू सरकार के खिलाफ भाजपा ने वीरवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कुशासन, कथित भ्रष्टाचार और माफिया राज के खिलाफ भाजपा ने चौड़ा मैदान, शिमला में विशाल प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन कर सरकार पर ताबड़तोड़ हमले बोले। इस प्रदर्शन की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। इसमें प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।

प्रदेश सरकार की अराजकता और माफिया राज के ख़िलाफ़ हल्ला बोल प्रदर्शन में शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह सरकार माफिया राज और भ्रष्टाचार के मकड़जाल में जकड़ गई है। प्रदेश में हर तरफ़ अराजकता और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। सरकार के संरक्षण में प्रदेश में माफ़िया राज फल फूल रहा है। आज तक भ्रष्टाचार को सरकार से इस तरह से संरक्षण नहीं मिला है। आज जो हो रहा है वह न प्रदेश में पहले कभी हुआ है और न ही देवभूमि की संस्कृति के अनुरूप है। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में वन माफिया लाखों पेड़ों की कटान कर रहा है और सरकार उस पर कार्रवाई करने के बजाय संरक्षण दे रही है। साथ ही सरकार में मित्रों का जो बोलबाला है वह प्रदेश के हितों पर भारी पड़ रहा है। अब उसमें अफसरशाही भी शामिल हो गई है, जिसकी वजह से विमल नेगी जैसे ईमानदार, कर्मठ और सुलझे हुए अधिकारी आज हमारे बीच नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार प्रदेश मित्र सरकार होने के बजाय मित्र मंडली हितैषी सरकार है। जो झूठ के भरोसे सत्ता में आई और झूठ और महा झूठ के भरोसे सत्ता में बनी रहना चाहती है। 

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि धर्मपुर का मामला एक अनोखा उदाहरण है। जहां वन विभाग की मिलीभगत से हजारों टन लड़की काटी और बेची गई और भाजपा द्वारा शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसमें किस राजनीतिक पार्टी के नेता और उनके करीबियों का नाम सामने आया? बद्दी में खनन साइट्स तक गाड़ियां पहुंचाने के लिए जंगल और पहाड़ काटकर तीन किलोमीटर तक सड़क बना दी, वन विभाग सोता रहा। 

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस सरकार में खनन युद्ध स्तर पर दिन दहाड़े हो रहा है। पहाड़ के पहाड़ खोद लिए गए। नदियों और नालों का रास्ता तक बदल गया। सड़कें खतरे में आ गई बड़े-बड़े पुल का अस्तित्व खतरे में आ गया है। चिट्टा माफिया आज प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंच गया है। नशा माफिया को सरकार का संरक्षण मिल रहा है। सिर्फ़ इस साल में 14 युवकों की मौत हुई है। प्रदेश में दो साल के कार्यकाल में 180 से ज़्यादा हत्या, 600 से ज़्यादा रेप और 2500 से ज़्यादा चोरी की घटनाएं हुई हैं। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि आउटसोर्स की भर्ती पर कोर्ट की रोक है लेकिन आउटसोर्स के नाम पर माफिया प्रदेश में खूब वसूली कर रहा है। स्क्रैप माफिया जिस तरह से उद्योगों में उत्पात मचा रहा है वह किसी से छुपा नहीं हैं। उद्योग नगरी में किस तरह से माफिया दनदना रहा है। किस तरह से उद्योगों से वसूली की जा रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार के ख़िलाफ़ अब प्रदेश के लोगों ने हल्ला बोल दिया है। यह लड़ाई हम रुकने नहीं देंगे और सरकार के भ्रष्टाचार के पाई-पाई का हिसाब लेंगे। 

कांग्रेस सरकार में माफिया राज का तांडव : डॉ. राजीव बिंदल 

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार के ढाई वर्षों के कुशासन ने प्रदेश को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया है। सरकार ने मात्र दो साल चार महीने में प्रदेश को 32 हजार करोड़ रुपए के नए कर्ज के बोझ तले दबा दिया, जिससे कुल कर्ज 1,03,000 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। 

डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल चिट्टा माफिया, शराब माफिया, कबाड़ माफिया, खनन माफिया और वन माफिया के चंगुल में फंस चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार इन माफियाओं को खुला संरक्षण दे रही है, जिससे प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। युवा पीढ़ी बर्बादी के कगार पर पहुंच गई है। चिट्टा माफिया ने हिमाचल की युवा पीढ़ी को नशे की लत में झोंक दिया है, लेकिन कांग्रेस सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में माफियाओं की खुलेआम गोलीबारी हो रही है। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा का यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक हिमाचल को कांग्रेस की भ्रष्ट, निकम्मी और माफिया-समर्थक सरकार से मुक्त नहीं कर दिया जाता।

कांग्रेस सरकार के जंगलराज में बहन-बेटियां असुरक्षित, गैंगवार और चिट्टा माफिया चरम पर : संजय टंडन 

प्रदेश भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज हिमाचल में जंगलराज हावी हो चुका है, बहन-बेटियां असुरक्षित हैं, गैंगवार के कारण गोलियां चल रही हैं और चिट्टा माफिया युवाओं की जिंदगियां बर्बाद कर रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कुशासन, माफिया राज और अराजकता के खिलाफ भाजपा का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन से कांग्रेस के पतन की शुरूआत हो गई है। 

संजय टंडन ने कहा कि कांग्रेस सरकार महिला विरोधी सरकार साबित हो चुकी है। देवभूमि की माताओं-बहनों से किए गए सभी वादे ठगे जा चुके हैं। 1500 रुपये प्रतिमाह देने की झूठी गारंटी देकर 28 लाख महिलाओं के साथ धोखा किया गया। 

टंडन ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार में हिमाचल गैंगवार का केंद्र बन चुका है। अपराधी बेखौफ होकर दिनदहाड़े गोलियां चला रहे हैं, हत्याएं हो रही हैं और प्रदेश में दहशत का माहौल है। कांग्रेस राज में हिमाचल में गन कल्चर को खुला बढ़ावा मिल रहा है। संजय टंडन ने कहा कि शिमला से निकला यह जनसैलाब अब पूरे प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन का रूप लेगा और बहुत जल्द हिमाचल को इस निकम्मी, भ्रष्ट और माफिया समर्थक सरकार से मुक्ति मिलेगी। 

माफिया राज और भ्रष्टाचार की गिरफ्त में हिमाचल, कांग्रेस सरकार जनता की दुश्मन : श्रीकांत शर्मा 

भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने शिमला में भाजपा के विशाल प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि ढाई साल में कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को अपराध, माफिया राज और कर्ज के दलदल में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ आक्रोश चरम पर है और अब यह सरकार ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों को कांग्रेस सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त है।

श्रीकांत शर्मा ने कहा कि माफियाओं को सरकारी संरक्षण के बिना इतनी हिम्मत नहीं हो सकती। खनन माफिया, चिट्टा माफिया, शराब माफिया, कबाड़ माफिया और ट्रांसफर माफिया पूरे प्रदेश में बेलगाम होकर लूट मचा रहे हैं। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों में झूठी गारंटियों के सहारे जनता को ठगा। अब हालात यह हैं कि 5 लाख नौकरियों का वादा किया था, लेकिन एक भी नौकरी नहीं दी गई। 28 लाख बहनों को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन एक रुपये तक नहीं मिला। 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा करके सत्ता में आए, लेकिन 125 यूनिट भी बंद कर दी गई। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि हिमाचल की जनता अब कांग्रेस सरकार के झूठ, भ्रष्टाचार और माफिया राज को खत्म करने के लिए सड़कों पर उतर चुकी है और यह सरकार अब ज्यादा दिनों की मेहमान नहीं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *