Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश में जल्द ही कांग्रेस संगठन के सभी पदाधिकारियों की जिला व ब्लॉक स्तर पर तैनाती कर दी जाएगी। इसके लिए सारा ग्राउंड वर्क पूरा किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री व पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत के बाद इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में वीरवार को पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह जल्द ही नई दिल्ली में प्रदेश मामलों की नव नियुक्त प्रभारी रजनी पाटिल से मिलेंगी। उन्होंने कहा कि निवर्तमान प्रभारी राजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी। उन्होंने कहा कि आलाकमान ने अब एक बार फिर से रजनी पाटिल को यह दायित्व सौंपा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी उनके मार्गदर्शन में भी पूरी एकजुटता के साथ आगे बढ़ेगी।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस बार संगठन में कर्मठ नेताओं, युवाओं, महिलाओं व पार्टी कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारियां दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस साल के अंत तक प्रदेश में नगर निकाय व पंचायतों के चुनाव होने हैं और इसके लिए पार्टी को कमर कसनी है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों के बाद 2027 में होने वाले प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिये भी पार्टी को तैयार करना है। उन्होंने कहा कि अगर संगठन मजबूत होगा तो ही चुनाव जीते जाते है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कर्मठ व निष्ठावान नेताओं व कार्यकर्ताओं का पूरा सम्मान दिया  जाना चाहिए इसके लिए वह कार्य कर रही है।

दिल्ली के लोग आज भी करते हैं शीला दीक्षित को याद 

प्रतिभा सिंह ने दिल्ली में एक महिला नेत्री के मुख्यमंत्री बनने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस ने भी शीला दीक्षित को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाया था। उन्होंने अपने 15 साल के कार्यकाल में दिल्ली में रिकार्ड तोड़ विकास कार्य किये। लोग आज भी शीला दीक्षित को याद करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा की नेत्री मुख्यमंत्री के तौर पर कितना सफल होती है, यह देखना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दिल्ली के लोगों से जो वायदे किये हैं उसे वह कब पूरा करती है, इसका भी दिल्ली के लोगों को इंतजार रहेगा। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *