Spread the love

शिमला। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि हम सबके प्रेरणास्त्रोत एवं पार्टी को विचारधारा प्रदान करने वाले पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती आज पूरे प्रदेश के सभी 7792 बूथों पर मनाई तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम सम्बोधन को सुना। इस दौरान सभी जगह पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कश्यप ने कहा कि वे स्वयं पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय दिल्ली में पुष्पांजलि कार्यक्रम में उपस्थित रहे तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्बोधन को सुना। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अतिरिक्त अन्य गणमान्य लोग वहां उपस्थित रहे।
सुरेश कश्यप ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा को लेकर पार्टी आगे बढ़ रही है। उन्होंने अंत्योदय के माध्यम से पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तथा दलित वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चिंतक और संगठनकर्ता थे। वे भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष भी रहे। उन्होंने भारत की सनातन विचारधारा को युगानुकूल रूप में प्रस्तुत करते हुए देश को एकात्म मानववाद दर्शन जैसी प्रगतिशील विचारधारा दी। उन्होनें कहा कि पं. दीनदयाल द्वारा दी गई विचारधारा के कारण ही आज भारतीय जनता पार्टी का स्वरूप अन्य राजनैतिक दलों से अलग है। भाजपा अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पं. दीनदयाल के जीवन से प्रेरणा लेकर हम सब पार्टी के कार्य को निरंतर आगे बढ़ाते रहे।
भाजपा अध्यक्ष ने कृषि विधेयक बिल का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों से झूठ बोलने वाले कुछ लोग अपनी राजनीतिक इच्छापूर्ति के लिए किसानो को भ्रमित कर रहे हैं और हमें ऐसी अफवाहों से किसानों को बचाना है और उनके भविष्य को उज्जवल बनाना है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने किसानों, खेत मजदूरों, छोटे दुकानदारों, असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन और बीमा से जुड़ी योजनाएं पहले ही शुरू कर दी है और अब नए प्रावधानों से सामाजिक सुरक्षा का ये कवच और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता के व्यापक मिशन से हर व्यक्ति जुड़े, सभी को समान अवसर मिले यही तो दीनदयाल उपाध्याय जी के सपने को साकार करने का एक प्रयास है। इसी ध्येय के साथ एससी, एसटी वर्ग के साथियों के लिए जो आरक्षण का प्रावधान था, उसे संसद ने अगले 10 वर्षों के लिए बढ़ा दिया है, जिससे इस वर्ग का समुचित विकास होगा। उन्होंने इस मौके पर सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि देश व प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाए, ताकि इन योजनाओं का समुचित लाभ प्रत्येक वर्ग को मिल सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *