Spread the love

शिमला। देश के पूर्व प्रधानमंत्री कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ.  मनमोहन सिंह के निधन पर प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने गहरा दुख प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना परमेश्वर से की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि मनमोहन सिंह के निधन से देश ने एक महान अर्थशास्त्री खो दिया। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिये हमेशा याद रखा जाएगा। 

उधर, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी नेताओं ने एक शोक सभा आयोजित कर डॉ. मनमोहन सिंह को अपने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शोक सभा मे कहा कि डॉक्टर मनमोहन सिंह के निधन से देश ही नहीं, पूरे विश्व को नुकसान हुआ है। आर्थिक सुधारों के प्रखर डॉ. मनमोहन सिंह ने देश को ही नहीं, पूरी दुनिया को आर्थिक सुधारों की राह दिखाई थी। 

कुलदीप पठानिया ने कहा कि आज अधिकतर जितनी भी जनहित की केंद्रीय योजनाएं चल रही है, उन्होंने ही उनकी नींव रखी थी। उन्होंने देश को एम्स, आईआईटी, मेडिकल कॉलेज के अतिरिक्त मनरेगा, आरटीआई, भोजन का अधिकार, शिक्षा का अधिकार देश के नागरिकों को दिए। उन्होंने कहा कि यह देश कभी भी उन्हें भुला नहीं पायेगा। प्रधानमंत्री के तौर पर या वित्त मंत्री के तौर पर जो उल्लेखनीय कार्य उन्होंने देश को किये यह देश सदैव उन्हें याद रखेगा।

सभा में विधायक केवल पठानिया, शिमला नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भी अपने शोक उदगार व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना भगवान से की।

शोक सभा मे मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, लघु बचत बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रकाश करड़, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा सहित युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई के पदाधिकारी व पार्टी के पूर्व पदाधिकारी, शिमला नगर निगम के पार्षद व कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान दो मिनट का मौन भी रखा गया। प्रदेश सेवादल के मुख्य संगठक अनुराग शर्मा ने भी पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

इस बीच, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशानिर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजकीय शोक के चलते अपने पूर्व निर्धारित सभी कार्यक्रम 3 जनवरी तक रद्द कर दिए हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर मंत्रियों और अन्य कांग्रेस नेताओं ने शोक व्यक्त किया

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, नगर नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा और उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री के राजनैतिक सलाहकार सुनील शर्मा, प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, प्रधान सलाहकार सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार गोकुल बुटेल ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर प्रदेश के विभिन्न आयोग, निगमों एवं बोर्ड के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, विभिन्न पदाधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति और पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।  

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *