शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण से छह और मरीजों की मौत हो गई। मंडी जिले में दो, हमीरपुर, कुल्लू, सिरमौर और शिमला जिले में एक-एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। मंडी के नेरचौक मेडिकल कॉलेज में कोरोना संक्रमित तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में दो मंडी और एक हमीरपुर जिले के बड़ा नादौन का रहने वाला था। मंडी जिले के दो मृतकों में एक शहर के पुरानी मंडी निवासी बुजुर्ग महिला है और एक व्यक्ति चच्योट के जरोल गांव से संबंधित है। कोरोना पॉजिटिव तीनों मरीज नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे। नेरचौक मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जीवानंद चौहान ने तीनों मौतों की पुष्टि की है। वहीं, सिरमौर जिले में भी कोरोना संक्रमण से एक और मौत हुई है। वहां, पांवटा के 71 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हुई है। वह किडनी की बीमारी से भी पीड़ित था और उसे पांवटा से नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, लेकिन उसकी मौत हो गई।
उधर, प्रदेश में मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 331 नए मामले पाजिटिव आए हैं। राज्य में 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक सिरमौर जिले से 79 मामले आए हैं। मंडी जिले में 66, शिमला जिले में 48, सोलन जिले में 38, कुल्लू जिले में 25, कांगड़ा जिले में 19, चंबा जिले में 17, बिलासपुर जिले में 14, ऊना में 11, हमीरपुर जिले में 10, किन्नौर जिले में 3 और लाहौल-स्पीति जिले में एक मामला कोरोना पाजिटव आया है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 12769 पहुंच गया है। इनमें से 8491 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान रिकार्ड 655 और मरीज ठीक हो गए हैं। प्रदेश में अब 4124 एक्टिव केस हैं।
