Spread the love

बिलासपुर। प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर 11 दिसंबर को लुहणू मैदान, बिलासपुर में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने वीरवार को बिलासपुर का दौरा किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, पूर्व विधायक बाबर ठाकुर, कांग्रेस महासचिव विवेक कुमार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, एचआरटीसी परचेसिंग कमेटी के सदस्य संदीप संख्यान और जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए अपने सुझाव दिए और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। 

बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और मोबाइल शौचालय जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता देने को कहा। पुलिस विभाग को ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए विशेष योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

स्थल निरीक्षण और तैयारियों का जायजा

बागवानी मंत्री ने कांग्रेस नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लुहणू मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, सजावट और अन्य तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूरे करने और जनता की सुविधा के लिए प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूरे होने का जश्न भव्य रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, “प्रदेश सरकार अपने कार्यक्रम कहां करेगी, यह तय करने के लिए विपक्ष से अनुमति लेने की जरूरत नहीं है। सरकार अपने अधिकार क्षेत्र में काम कर रही है, और यह आयोजन जनता के लिए है, न कि राजनीतिक आलोचना के लिए।”

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *