शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार शुक्रवार को जापान की राजधानी टोक्यो से दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल पहुंचे। गौरतलब है कि सिडनी में आयोजित 67वें राष्ट्रमण्डल सम्मेलन में भाग लेने के उपरान्त कुलदीप सिंह पठानिया अध्ययन प्रवास पर बने हुए हैं। उनके साथ विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा भी सियोल पहुंच गये हैं, जबकि विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार पारिवारिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए टोक्यो से नई दिल्ली पहुंच गये हैं। इससे पूर्व, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड तथा जापान का अध्ययन प्रवास कार्यक्रम पूरा कर चुके हैं। कुलदीप सिंह पठानिया 23 से 25 नवम्बर तक दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल के अध्ययन प्रवास पर रहेंगे।
कुलदीप सिंह पठानिया सियोल में जहां कई रमणीय स्थलों का दौरा करेंगे, वहीं भारतीय समुदायों के लोगों के साथ भी संवाद करेंगे। पठानिया सियोल के कई औद्योगिक केन्द्रों का भी दौरा करेंगे। सियोल दक्षिण कोरिया का सांस्कृतिक, आर्थिक और राजनितिक केन्द्र है।
सियोल आगमन से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 19 से 21 नवम्बर तक जापान की राजधानी टोक्यो के अध्ययन प्रवास पर थे, जहां उन्होंने एदो गावा स्थित भारतीय दूतावास का दौरा कर भारत तथा जापान के युवाओं के बीच छात्रवृति के जरिये सांस्कृतिक संबद्धो को कैसे मजबूत किया जाये, जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर राजदूत तथा दूतावास अधिकारियों के साथ चर्चा की। अपने अध्ययन प्रवास के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संस्कृति तथा परिधानों का विदेशों में विशेष महत्व है।
पठानिया ने कहा कि भारतीय हस्तशिल्प तथा हथकरधा द्वारा निर्मित वस्तुओं के जापानी लोग आज भी बड़े कायल हैं। उन्होंने कहा कि भारत तथा प्रदेश सरकार को इस उद्योग को और भी सशक्त करना चाहिए तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी उच्च स्तरीय ब्रांडिंग करनी चाहिए। पठानिया ने कहा कि भारत तथा जापान के दशकों से गहरे सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं राजनितिक संबंध हैं, जो दोनों देशों के वाणिज्यिक आर्थिक एवं व्यापारिक संबंधों को और भी मजबूती प्रदान करते है।
कुलदीप पठानिया ने सामरिक तथा पर्यटन दृष्टि से विकसित टोक्यो शहर में स्थित महत्वपूर्ण स्थलों जैसे टोक्यो टावर, प्रतिष्ठित बौध मन्दिर सैंसोजी, असाकुसा क्षेत्र, शिबुआ, इंपीरियल पैलेस, प्रकृति और विज्ञान के राष्ट्रीय संग्रहालय तथा युनो पार्क और चिड़ियाघर का भी भ्रमण किया। पठानिया ने कहा कि ये सभी समणीय स्थल है जो जापान की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर तथा राष्ट्रवाद के प्रतीक है। कुलदीप पठानिया 26 नवम्बर को सियोल से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
