Spread the love

जल शक्ति विभाग की चल रही परियोजनाओं के लिए 3 करोड़ की घोषणा

कुल्लू। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को कुल्लू के सुमा में 18 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित जलशक्ति विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। उन्होंने पीज फाटी की 16 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन भी किया। इससे फाटी, पीज व भुमतीर के गांवों के लगभग 8050 लोगों को पेयजल उपलब्ध होगा।

अग्निहोत्री ने 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से उठाऊ पेयजल योजना का भी उद्घाटन किया। इस पेयजल योजना से ग्राम पंचायत डुगीलग के सुमा, छुरला, धाराबाग व भालठा गांवों की करीब 3000 आबादी लाभांवित होगी। इससे दूरदराज के इलाकों में पानी की समस्याओं से निजात मिलेगी।

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने सुमा में आयोजित जनसभा में कहा कि विभाग की ओर से कुल्लू में पेयजल की 708 योजनाएं पूरी कर दी गई है और 111 पर काम चल रहा है। सिंचाई की 89 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और 49 योजनाओं पर काम चल रहा है। बाढ़ नियंत्रण की 29 योजनाएं पूर्ण हो चुकी है और 7 योजनाओं पर काम चल रहा है। मल निकासी की 4 योजनाएं पूर्ण कर ली गई है और 5 योजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने कुल्लू क्षेत्र की जल शक्ति विभाग की चल रही योजनाओं के लिए तीन करोड़ जारी करने की घोषणा की।

अग्निहोत्री ने कहा कि कुल्लू में नाबार्ड में 187 करोड़ की 38 पेयजल योजनाओं की स्वीकृत प्राप्त हुई है। इनमें से 5 योजनाएं पूर्ण कर ली गई हैं और 33 पर कार्य प्रकृति पर है। इस वर्ष 2024- 25 में कुल्लू जिले में विभिन्न पेयजल सिंचाई व मल निकासी योजनाओं पर कुल 38 करोड रुपए खर्च किए जा रहे हैं।

इसके अतिरिक्त बाढ़ नियंत्रण के तहत इस वर्ष कुल्लू जिला की 24 योजनाएं मंजूर हुई हैं, जिन पर कुल 158 करोड रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इसके तहत ब्यास नदी के किनारे तटीकरण किया जाएगा। 158 करोड़ में से कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में 68 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त भुंतर शहर के लिए 24 घंटे पेयजल आपूर्ति योजना मंजूर की गई है, जिस पर 22 करोड रुपए खर्च किए जा रहे हैं। 

कार्यक्रम में मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने उपमुख्यमंत्री का आभार जताते हुए जनता को संबोधित किया।

इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कुल्लू भुट्टी चौक से पथ परिवहन की दो बसों की विधिवत पूजा अर्चना करके हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कुल्लू से बुआई वाया बागन बस में लगभग तीन किलोमीटर का सफ़र किया। 

इस दौरान मुख्य संसदीय सचिव सुन्दर सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस कमेटी बुद्धि सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सेस राम आजाद, जलशक्ति विभाग व परिवहन निगम के अधिकारी वह अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *