शिमला। भाजपा मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के सुक्खू सरकार पर आरोप सही और प्रमाण के साथ हैं। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर सच के सच्चे सिपाही हैं।
नंदा ने कहा कि आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और उनकी फौज खुद झूठ बोल जनता को ठगने का काम करती है। एक झूठ को छुपाने के लिए 100 झूठ बोलने का काम यह सुक्खू सरकार कर रही है। उन्होंने तंज कसा कि मुख्यमंत्री और उनकी पूरी फौज झूठ में पीएचडी है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने पहले वित्तीय संकट का झूठा रोना रोया, फिर इस झूठ की आड़ में इस सरकार ने जनता पर टैक्स लगने का क्रम शुरू किया। उन्होंने पूछा कि यह किस प्रकार की सरकार है, जिसने जनता को ठगने का काम कर रखा है।
कर्ण नंदा ने कहा कि गारंटियों का झूठा प्रचार कर कांग्रेस क्या सिद्ध करना चाहती है। अभी तक प्रदेश में सरकार द्वारा एक भी गारंटी पूरी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि झूठा प्रचार कर कुछ छुप नहीं सकता, यह सब जानते हैं। कांग्रेस के नेताओं को भी यह बात समझ आ जानी चाहिए। नंदा ने कहा कि जयराम ठाकुर ने ठीक ही तो कहा था कि हिमाचल प्रदेश में केवल हवा को छोड़ सब वस्तुओं पर टैक्स लग चुका है। यह भी सच है कि अगर केंद्र से प्रदेश को मदद नहीं मिलेगी तो हिमाचल प्रदेश में वेतन और पेंशन देना असंभव हो जाएगा।
नंदा ने कहा कि वेतन और पेंशन की अदायगी हर महीने पहली तारीख को करनी चाहिए, इस प्रक्रिया को बदलना ठीक नहीं है। भारत सरकार से राजस्व घाटा अनुदान के रूप में 520 करोड़ रुपये मिलते हैं, जबकि 10 तारीख को केंद्रीय करों में हिस्सेदारी के तौर पर 740 करोड़ रुपये मिलते हैं। अगर यह राशि प्रदेश सरकार को ना मिले तो सरकार को बड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। वैसे जिस प्रकार से यह सरकार काम कर रही है, उससे यह स्पष्ट नज़र आता है कि कांग्रेस सरकार अपने बोझ से ही गिर जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार इतिहास की सबसे निकम्मी, नकारात्मक और फेल सरकार मानी जाएगी।
