शिमला। हिमाचल प्रदेश में अब बिना ई-पंजीकरण के लोग आ-जा सकेंगे। प्रदेश केबिनेट ने इस संबंध में लगाई गई रोक को हटा दिया है। आज शाम मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई केबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया। अब हिमाचल में आने या जाने के लिए किसी भी तरह के रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता नहीं होगी। उधर, सीमाएं खोल देने के बावजूद अभी प्रदेश से बाहरी राज्यों के लिए बसों के संचालन के लिए कोई फैसला नहीं लिया गया है। फिलहाल बाहरी राज्यों के लिए चलने वाली बस सेवा अभी बंद रहेंगी।
सूत्रोें के मुताबिक बैठक में प्रदेश के हर सौ बिस्तर वाले अस्पताल में नर्सिंग कालेज खोलने का भी निर्णय लिया है। सौ बेड से कम वाले अस्पताल में फिलहाल नर्सिग कालेज नहीं खोले जाएंगे। कैबिनेट में फिलहाल स्कूल-कालेज खोलने को लेकर कोई चर्चा नहीं की गई है। आज हुई कैबिनेट में इको-टूरिज्म पालिसी व नर्सिंग स्कूल पालिसी को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इको-टूरिज्म पालिसी के तहत लोगों को इनसेंटिव व नए अवसर प्रदान किए जाएंगे।
