Spread the love

भाजपा सदस्यता अभियान में गति लाने का किया आह्वान‌ 

सुन्दरनगर। भाजपा मुख्य प्रवक्ता व विधायक राकेश जम्वाल ने आरोप लगाया है कि हिमाचल में पांच लाख रोजगार का वायदा करके सत्ता में आई सुक्खू सरकार युवाओं क़े प्रति संवेदनहीन हो गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू, युवाओं को रोजगार देना तो दूर, रोजगार मांगने आए युवाओं को शादी की सलाह दे रहे हैं, जिससे पता चल रहा है मुख्यमन्त्री बेरोजगारों के प्रति कतई गंभीर नहीं है। 

जम्वाल ने सुन्दरनगर विधानसभा क्षेत्र के डैहर में जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि सुक्खू सरकार ने दो साल में मंत्रिमंडल से केवल पद सृजित किए गए, मगर कितने पदों पर भर्तियां हुई यह युवाओं के लिए अभी भी बड़ा प्रश्न बना हुआ है‌। सरकार ने बड़ा कदम बताते हुए अधीनस्थ चयन बोर्ड को को बंद कर दिया। इसके स्थान पर राज्य चयन आयोग स्थापित किया गया और केवल अध्यक्ष और मेंबर बिठा दिए गए और अभी तक एक भी परीक्षा हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के तहत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों के चलते आज प्रदेश के युवाओं को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इन सबके बावजूद मुख्यमंत्री का बेरोजगारों को मिलने का समय न देना उनकी संवेदनहीनता को दर्शाता है। 

राकेश जम्वाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू समय-समय पर हिमाचल की जनता के प्रति अपने गैर जिम्मेदाराना व्यवहार का परिचय देते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सुक्खू सरकार युवाओं को केवल वोट बैंक के रूप में प्रयोग कर रही है। हिमाचल में पांच लाख सरकारी नौकरी का वादा करके कांग्रेस सत्ता में आई,‌ लेकिन विधानसभा में अपने वादे से मुकर गई। कांग्रेस ने प्रदेश के कर्मचारियों से चुनाव के समय ओपीएस देने का वादा किया, लेकिन अब कर्मचारियों को वेतन और पेंशन भी समय से नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में ऐसी स्थिति पैदा कर दी है जहां सेवानिवृत हुए कर्मचारियों को अपने हकों के लिए धरने प्रदर्शन करने पर उतरना पड़ रहा है‌। यह सरकार अपने अभी तक के कार्यकाल के दौरान पूरी तरह से विफल रही है‌। उन्होंने कहा कि सरकार अगर इसी स्थिति से प्रदेश में काम करते रही तो आने वाले दिनों में हिमाचल चरमराई आर्थिक स्थिति और कर्ज के बोझ तले दबा हुआ राज्य बन जाएगा।

भाजपा नेता ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार की 2 साल की कार्यप्रणाली ने उसका चेहरा साफ कर दिया है। कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए जनता को ठगने से भी गुरेज नहीं करती है। इसका परिचय हिमाचल में कांग्रेस ने दे दिया है। राकेश जम्वाल ने कहा कि जिन गारंटियों के सहारे हिमाचल प्रदेश की भोली भाली जनता को ठगने का काम किया, अब उन्हीं गारंटियों को कांग्रेस हरियाणा चुनाव में कॉपी पेस्ट कर रही है। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस केवल सत्ता हासिल करने की लालसा में हरियाणा के चुनाव में भी भोली भाली जनता को ठगने का काम करेगी। 

विधायक राकेश जम्वाल ने डैहर में सदस्यता अभियान क़े निमित्त रखी बैठक में कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हर बूथ पर कम से कम 200 लोगों की सदस्यता करवाने का प्रयास करे और इस कार्य में तेजी लाएं। इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष प्रताप और पार्टी क़े वरिष्ठ कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *