शिमला। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर करारा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि आऐ दिन सरकार गिरने की तारीख देने वाले जयराम ठाकुर अब कांग्रेस सरकार के गिरने की डेटा नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने मतदान कर षड्यंत्रकारियों को कड़ा संदेश दिया है कि इस तरह की राजनीति देश एवं प्रदेश में स्वीकार्य नहीं होगी। लोकतंत्र में जनमत का हमेशा सम्मान करना पड़ेगा।
बुधवार को यहां प्रेस वार्ता में नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश के जागरूक जनता ने भाजपा को स्पष्ट संदेश दिया है कि लोकतांत्रिक तरीके से चुनी सरकार को गिराने का षड्यंत्र किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। चौहान ने जयराम ठाकुर का आभार जताते हुए कहा कि चुनाव नतीजे आने के बाद उन्होंने सरकार गिरने की अगली डेट नहीं दी। उम्मीद करते है कि उपचुनाव में मिली हार से सबक लेंगे और विपक्ष की सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।
नरेश चौहान ने कहा कि उपचुनावों के बाद हिमाचल में कांग्रेस विधायकों की संख्या 40 हो गई है। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा की राजनीति को पसंद नही किया है। ऐसे में भाजपा के सरकार गिराने के सपने चकनाचूर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बहुमत की सरकार को गिराने का प्रयास किया, लेकिन फैसला जनता की अदालत में गया, जिसके बाद जनता ने कांग्रेस के पक्ष में फैसला सुनाया है और एक बार फिर मजबूत सरकार का जनादेश दिया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश की जनता ने 2022 में कांग्रेस के 40 विधायकों को चुनकर भेजा और फिर ये आंकड़ा 40 हो गया। उन्होंने कहा कि भाजपा की षड्यंत्रकारी नीति से 6 विधायक अग्निवीर बने। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में नेतृत्व की लड़ाई शुरू हो गई है। विधायक सुधीर शर्मा अब प्रदेश की भाजपा लीडरशिप को बिना बताए ही दिल्ली बीजेपी नेताओं से मिल रहे हैं। इस पर नेता विपक्ष जयराम ठाकुर और राजीव बिंदल को समय रहते सोचना चाहिए। चौहान ने कहा कि विधायक सुधीर शर्मा जीत से अति उत्साहित हैं और जोश में आकर प्रदेश के भाजपा नेताओं को सुपरसीड कर रहे हैं।
नरेश चौहान ने कहा कि सीएम सुक्खू हिमाचल के हितों को प्रधानमंत्री और अन्य मंत्रियों के सामने रख रहे हैं ताकि प्रदेश को आर्थिक मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों पर काम करेगी और प्रदेश को हर क्षेत्र में आगे ले जाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी क्योंकि सूक्खु सरकार को लोगों का अपार समर्थन और प्यार मिल रहा है।
