Spread the love

कहा – भाजपा पूरी ताकत लगा दे, कांग्रेस बड़े मार्जिन से जीतेगी तीनों उपचुनाव, भाजपा नेतृत्व के इस फैसले से पार्टी का कैडर भी नाराज 

शिमला। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को विपक्षी दल भाजपा पर तीखे हमले बोले। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से सवाल किया कि प्रदेश में पिछले 6 महीने के भीतर घटे राजनीतिक घटनाक्रम को करवाकर आखिर उन्हें हासिल क्या हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रदेश की जनता को बताना चाहिए कि इस घटनाक्रम से भाजपा कैडर भी नाराज है और तीन उपचुनावों में भी कांग्रेस को बड़े मार्जिन से जीत मिलेगी। वे यहां प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। 

अग्निहोत्री ने भाजपा पर विधानसभा की 9 सीटों पर उप चुनाव थोपने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को गिराने का जो असफल प्रयास किया, वह सबके सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा का मिशन लोटस कामयाब नहीं हो सका और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार और मजबूती के साथ उभर कर सामने आई है। 9 सीटों पर उपचुनाव के बाद कांग्रेस विधायकों की संख्या बढ़कर 40 से 41 हो जाएगी। 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद 7 विधायकों की मेंबरशिप चली जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा लीडरशिप को चुनाव के बाद प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए कि उनकी लालच की वजह से हिमाचल में उपचुनाव थोपे गए। उन्होंने कहा कि भाजपा का रचा हुआ प्रकरण समाप्ति की ओर बढ़ रहा है और 13 जुलाई के बाद सरकार और मजबूत होकर उभरेगी। उप मुख्यमंत्री ने निर्दलीय विधायकों पर भी तंज कसा और कहा कि वह किसी को भी अपना समर्थन दे सकते थे। ऐसे में उन्हें इस्तीफा देने की क्या जरूरत पड़ी। उन्होंने कहा कि जब लोगों ने उन्हें विधायक चुनकर भेजा तो अब वह क्या बना चाहते हैं। उन्होंने इस्तीफा क्यों दिया यह उन्हें लोगों को बताना होगा।

अग्निहोत्री ने भाजपा से जानना चाहा कि यह पूरा पैकेज क्या था, लोगों को उन्हें यह भी बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा में अपनी संख्या 25 से 35 करने की भाजपा ने जो नाकाम कोशिश की, यह किसके कहने पर की, भाजपा नेताओं को यह प्रदेश की जनता को बतानी चाहिए। 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की लीडरशिप के इस फैसले की वजह से न केवल प्रदेश की जनता पर उपचुनाव थोपे गए हैं, बल्कि भाजपा का कैडर भी इस फैसले से काफी नाराज है। उन्होंने पार्टी नेताओं पर तंज करते हुए कहा कि पार्टी के नेता लोगों को क्या जवाब देंगे, जब वह अपने कैडर को ही जवाब नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता सरकार की कार्यप्रणाली पर उंगली उठा रहे हैं, चुनाव नतीजे आने के बाद सब साफ हो जाएगा। 

ओपीएस और 1500 रुपए मामले पर अपना स्टैंड क्लियर करें भाजपा 

उप मुख्यमंत्री ने ओपीएस और महिलाओं को दिए जा रही 1500 रुपए मामले पर भाजपा से अपना स्टैंड क्लियर करने को कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा को मौका मिलता तो वह ओपीएस और महिलाओं को दिए जा रहे 1500 को बंद कर देते। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता इन दो मुद्दों पर अपना नजरिया साफ नहीं कर पा रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के मुफ्त बिजली बंद करने के बयान पर अग्निहोत्री ने कहा कि यह उनकी सोच है, जबकि हकीकत यह है केंद्र से हिमाचल को वित्तीय सहायता नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि आपदा का 9000 करोड़ रुपए जारी नहीं किया गया। उधर, कर्ज की सीमा को घटाकर 6000 करोड़ रुपए की लिमिट कर दी गई। परियोजनाओं पर गैप लगा दिया गया। रेवेन्यू डेफिशिएंट ग्रांट 3000 करोड़ रुपए कर दी गई। बावजूद इसके कांग्रेस सरकार अपने चुनावी वादों को एक-एक करके पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए भाजपा अपनी पूरी ताकत लगा दे, लेकिन कांग्रेस बड़े अंतर से ये तीनों उपचुनाव जीतेगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *