Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि लोकसभा चुनावों के परिणामों से भाजपा को ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा का 400 पार का नारा देश के लोगों ने पूरी तरह ठुकरा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोकसभा की चारों सीटों पर भले ही कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है, लेकिन विधानसभा के उप चुनावों में कांग्रेस को छह में से चार सीटों पर जीत हासिल हुई है। इससे साफ है कि प्रदेश के लोग कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़े हैं। 

प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनमत सर्वोपरि है और कांग्रेस इसका पूरा सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूर्ण बहुमत में है और पूरी मजबूती के साथ अपना कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के उस बयान को पूरी तरह हास्यास्पद बताया, जिसमें वह मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से त्यागपत्र की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उनके कार्यकाल में कांग्रेस ने मण्डी संसदीय उप चुनाव के साथ तीन विधानसभा उप चुनावों में भाजपा को 4-0 से करारी शिकस्त दी थी तो उस समय जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र क्यों नहीं दिया था। उन्होंने कहा कि नैतिकता का पाठ जयराम ठाकुर के मुंह से अच्छा नहीं लगता, क्योंकि नैतिकता भाजपा के पास है ही नहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों ने दलबदल व धनबल को पूरी तरह ठुकरा दिया है। 

प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि न तो वे निराश हों और न ही अपने  मनोबल में कोई भी कमी न लाएं‌। उन्होंने कहा कि उन्हें विधानसभा की तीन सीटों के उपचुनावों में पार्टी की जीत के लिये अभी से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं और उन्हें पूरे उत्साह के साथ प्रदेश कांग्रेस सरकार की लोकप्रिय नीतियों व जनहित के निर्णयों  के साथ लोगों के बीच जाना है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *